जुलूस-ए-मोहम्मदी के बाद ठेले में उतरे करंट से छह लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Oct 2022 07:13 PM
जुलूस-ए-मोहम्मदी के बाद ठेले में उतरे करंट से छह लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बहराइच. उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र के मासूपुर गांव में रविवार तड़के चार बजे बारावफात के मौके पर निकाले जाने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी के बाद ठेले में उतरे करंट की चपेट में आने से चार बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए.

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने घटनास्थल पर पहुंचकर संवाददाताओं को बताया, ‘‘शनिवार रात नानपारा कोतवाली के भग्गड़वा गांव में बारावफात का जुलूस निकाला गया था. जुलूस रात में दो बजे समाप्त हो गया था. इसके बाद कुछ लड़के जुलूस का ठेला लेकर बगल के गांव मासूपुर चले गए थे.’’ चौधरी ने कहा, ‘‘इसी ठेले में लगा लोहे का पाइप बिजली के तार से छू गया और लोग करंट की चपेट में आ गए. एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में करंट की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई.’’

उन्होंने बताया कि भग्गड़वा निवासी सूफियान (12), इलियास (16) और अशरफ अली (30) तथा मल्हीपुर (श्रावस्ती) के रहने वाले शफीक (12) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, भग्गड़वा निवासी तबरेज (16) और अरफात (10) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. चौधरी के मुताबिक, हादसे में गंभीर रूप से झुलसे भग्गड़वा गांव के मुराद (18), आफताब (12) और चांदबाबू (18) को बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

उन्होंने बताया, ‘‘परिजनों ने मृतकों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है. उनका कहना है कि घटना अचानक हुई, जिसमें किसी का दोष नहीं है. इसलिए वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे.’’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने हादसे में झुलसे लोगों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu