एआईएफएफ ने दो महिला खिलाड़ियों के साथ कथित हाथापाई के मामले में शर्मा को किया निलंबित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 07:58 PM
एआईएफएफ ने दो महिला खिलाड़ियों के साथ कथित हाथापाई के मामले में शर्मा को किया निलंबित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने मंगलवार को कार्यकारी समिति के सदस्य दीपक शर्मा को आगामी सूचना तक निलंबित कर दिया . शर्मा पर गोवा में दो महिला खिलाड़ियों के साथ कथित तौर पर मारपीट का आरोप है. इंडियन वुमैंस फुटबॉल लीग सेकंड डिविजन में भाग लेने गई हिमाचल प्रदेश स्थित खाड एफसी की दो फुटबॉल खिलाड़ियों ने आरोप लगाया था कि क्लब के मालिक शर्मा 28 मार्च की रात उनके कमरे में घुस गए और उन्हें पीटा.

शनिवार को एआईएफएफ ने शर्मा को जांच पूरी होने तक फुटबॉल संबंधित गतिविधियों से दूर रहने को कहा था . शर्मा को गोवा पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन बाद में जमानत पर छोड़ दिया. एआईएफएफ ने एक विज्ञप्ति में कहा , ” एआईएफएफ की कार्यकारी समिति ने दीपक शर्मा को आगामी सूचना तक फुटबॉल संबंधित सभी गतिविधियों से निलंबित करने का फैसला किया है .” इससे पहले एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे , उपाध्यक्ष एन ए हैरिस और कोषाध्यक्ष किपा अजय ने सोमवार को शर्मा के खिलाफ खिलाड़ियों की शिकायतों पर गौर किया जिसके बाद एआईएफएफ के सदस्य संघों की बैठक बुलाई गई . बैठक में शर्मा का पक्ष सुनने के बाद उन्हें बैठक से जाने के लिये कहा गया .

शिकायत में महिला खिलाड़ियों ने कहा था कि शर्मा नशे की हालत में थे और अब उन्हें जान का खतरा लग रहा है . खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी एआईएफएफ से तुरंत और कड़ी कार्रवाई करने के लिये कहा था. एआईएफएफ ने घटना की जांच के लिए 30 मार्च को गठित तीन सदस्यीय समिति को भी भंग कर दिया और इसके बजाय मामले को अपनी अनुशासनात्मक समिति को सौंप दिया.

चौबे ने कहा, ”एआईएफएफ एक सुरक्षित और सक्षम माहौल में महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा. मामला अब अनुशासन समिति को भेज दिया गया है और इस पर तत्काल विचार किया जाएगा.” उन्होंने कहा, ” एआईएफएफ ने शिकायतकर्ताओं को उनके गृहनगर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं. इसके साथ ही उन्हें जरूरी सहायता प्रदान करना जारी रखा जायेगा.” उन्होंने कहा कि उनके अध्यक्ष बनने के बाद से एआईएफएफ महिला फुटबॉल के विकास में सबसे आगे रहा है.

चौबे ने कहा, ”देश में वर्तमान में 27,030 पंजीकृत महिला खिलाड़ी हैं, जिनमें से 15,293 सितंबर 2022 और मार्च 2024 के बीच पंजीकृत हुए हैं. विभिन्न आयु समूहों में महिला फुटबॉल खिलाड़ियों की संख्या में वृद्धि सबसे उत्साहजनक रुझानों में से एक है.” एआईएफएफ प्रमुख ने कहा, ”इस सत्र में, हमने पहली बार आईडब्ल्यूएल सेकंड डिविजन शुरू किया है. अगले सत्र से आईडब्ल्यूएल में प्रमोशन और रेलीगेशन शुरू करने की एक निश्चित योजना है. भारत ने हाल ही में तुर्की महिला कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (उपविजेता) किया है. टीम ने इस दौरान यूरोप की प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराया. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu