तवांग झड़प के बाद की स्थिति पर लेफ्टिनेंट जनरल सी बी पोनप्पा बोले, “सब ठीक है, नियंत्रण में है”

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Dec 2022 07:02 PM
तवांग झड़प के बाद की स्थिति पर लेफ्टिनेंट जनरल सी बी पोनप्पा बोले, “सब ठीक है, नियंत्रण में है”
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के कुछ दिनों बाद सेना के एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल सी बी पोनप्पा ने मंगलवार को कहा कि सब कुछ ठीक है और नियंत्रण में है.

भारतीय सेना ने सोमवार को कहा था कि नौ दिसंबर को झड़प होने के कारण ‘‘दोनों पक्षों के कुछ र्किमयों को मामूली चोटें आईं.’’ झड़प के बाद की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर लेफ्टिनेंट जनरल पोनप्पा ने एक कार्यक्रम से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सब ठीक है और नियंत्रण में है. हम सब सुरक्षित हैं.’’ उन्होंने सलवान पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह ‘सम्मान दिवस’ में छात्रों को संबोधित किया. ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले भारतीय सेना के जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

लेफ्टिनेंट जनरल पोनप्पा ने छात्रों से कहा, ‘‘सेना प्रमुख की ओर से आप सभी के साथ जुड़ना मेरे लिए सौभाग्य की बात है. हम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे. आज हमारे उन सैनिकों को सम्मानित करने का अवसर है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी.’’ इस कार्यक्रम में सलवान एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) संजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘जैसा कि आप सभी जानते हैं कि चीनी सेना के साथ सीमा पर क्या हुआ, इसलिए हमारे सेना प्रमुख तय कार्यक्रम के बावजूद यहां नहीं आ सके.’’

उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने चीनी सेना को करारा जवाब दिया है. शुक्ला ने कहा, ‘‘हमने उन्हें उस जमीन से खदेड़ दिया, जिसे वे हड़पना चाहते थे. सीमाओं पर हमारे सबसे बहादुर सैनिक हैं और जब तक वे वहां हैं, तब तक हम चैन से सो सकते हैं.’’

अरुणाचल प्रदेश में एलएसी के पास स्थिति पर निकटता से नजर रख रही वायुसेना

भारतीय वायु सेना अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में यथास्थिति बदलने की पिछले सप्ताह की गई चीनी बलों की एकतरफा कोशिश के बाद राज्य में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास हालात पर करीब से नजर रख रही है. इस घटनाक्रम के परिचित अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वायुसेना ने नौ दिसंबर को चीन द्वारा की गई अतिक्रमण की कोशिश के मद्देनजर इलाके में अपनी समग्र निगरानी बढ़ा दी है.

अधिकारियों ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा संबंधी विशेष चिंताओं के मामले में लड़ाकू विमानों को तैनात करना शामिल है. उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना और थल सेना दोनों हालात पर निकटता से नजर रख रहे हैं.’’ घटनाक्रम से परिचित अधिकारियों ने संकेत दिया कि भारतीय वायुसेना ने क्षेत्र में अपने लड़ाकू विमानों की उड़ानों की संख्या बढ़ा दी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu