अनुराग कश्यप की फिल्म ‘कैनेडी’ उनकी ‘अग्ली’ से कई अधिक गहरी है : राहुल भट्ट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 May 2023 09:45 PM
अनुराग कश्यप की फिल्म ‘कैनेडी’ उनकी ‘अग्ली’ से कई अधिक गहरी है : राहुल भट्ट
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता राहुल भट्ट का कहना कि अनुराग कश्यप की फिल्म ‘कैनेडी’ उनकी ‘अग्ली’ से कहीं अधिक गहरी है. अभिनेता ने कहा कि पुलिस से एक हत्यारा बनने का उनका किरदार ‘‘क्रोधित मध्यम आयु वर्ग के व्यक्ति’’ को दिखाने का निर्देशक का नजरिया है. फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले भट्ट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘ एक समय था जब सलीम-जावेद की जोड़ी क्रोधित युवा (एंग्री यंग मैन) के किरदार देते थे और अब अनुराग कश्यप मध्यम आयु वर्ग के क्रोधित युवा को पेश कर रहे हैं.’’

लेखक सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी सलीम-जावेद के नाम से मशहूर है. दोनों ने ‘दीवार’, ‘त्रिशूल’, ‘शोले’ और ‘शक्ति’ जैसी कई हिट फिल्में लिखीं, जिनसे अमिताभ बच्चन को फिल्म जगत में ‘एंग्री यंग मैन’ के तौर पर पहचान मिली. राहुल भट्ट (45) ने कहा कि फिल्म में काफी गहराई है, जो परत दर परत खुलती है.

उन्होंने कहा, ‘‘ अगर गहराई और गंभीरता की बात करें तो ‘कैनेडी’ के सामने फिल्म ‘अग्ली’ कुछ नहीं है. यह मनोविज्ञान और अंतर बोध पर जोर देती है. बेशक यह सामाजिक टिप्पणी करती है…इसकी कहानी तेजी से आगे बढ़ती है और मुझे उम्मीद है कि यह लोगों को बांधे रखेगी.’’ ‘कैनेडी’ का निर्माण ‘जी स्टूडियोज’ और ‘गुड बैड फिल्म्स’ के बैनर तले किया गया है. फिल्म में सनी लियोनी और अभिलाष थपलियाल भी नजर आएंगे.

कान फिल्म उत्सव के ‘मिडनाइट स्क्रीनिंग सेगमेंट’ में ‘कैनेडी’ का ‘वर्ल्ड प्रीमियर’ किया जाएगा. कान फिल्म उत्सव का आयोजन 16 से 27 मई के बीच किया जा रहा है. भट्ट ने कहा कि प्रतिष्ठित फिल्म उत्सव में फिल्म के प्रीमियर को लेकर वह काफी उत्साहित हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu