
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई टीम में छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति को पार्टी के डिजिटल विस्तार और सोशल मीडिया रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दीपक माश्के अब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के सोशल मीडिया अभियानों के संचालन और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पार्टी के संदेश को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर तक पहुंचाने, सोशल मीडिया टीमों के साथ बेहतर तालमेल बनाने और संगठन की ऑनलाइन मौजूदगी को मजबूत करने की जिम्मेदारी उनके कार्यक्षेत्र में शामिल होगी।
भाजपा की नई टीम में सोशल मीडिया विभाग के लिए एक संयोजक और चार सह-संयोजकों की नियुक्ति की गई है। दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक, जबकि प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ की राजनीतिक और संगठनात्मक भूमिका को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली है। भाजपा के लिए सोशल मीडिया अब संगठन और जनसंपर्क का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक के रूप में दीपक माश्के की भूमिका पार्टी की डिजिटल रणनीति के लिए अहम होगी।
इसके अलावा भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ से रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है। इस तरह नई टीम में छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व मिलने से प्रदेश संगठन में भी उत्साह का माहौल है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में विभिन्न राज्यों के नेताओं को जिम्मेदारियां देकर क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक संतुलन पर जोर दिया गया है। छत्तीसगढ़ से दीपक म्हस्के और रूप कुमारी चौधरी को मिली जिम्मेदारी इसी व्यापक संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।



