गिरफ्तारी सुनियोजित साजिश का हिस्सा : हेमंत सोरेन ने जमानत याचिका में कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 08:31 PM
गिरफ्तारी सुनियोजित साजिश का हिस्सा : हेमंत सोरेन ने जमानत याचिका में कहा
ऑडियो सुनें

रांची. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को रांची की एक विशेष अदालत में जमानत याचिका दायर की और आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया जाना राजनीति से प्रेरित है तथा उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए मजबूर करने की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है. ईडी द्वारा जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगे जाने के बाद विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख 23 अप्रैल तय की.

सोरेन के वकील अरुणाभ चौधरी द्वारा दायर याचिका में कहा गया, “याचिकाकर्ता का पूरा अभियोजन और गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित है तथा याचिकाकर्ता की तरह प्रमुख विपक्षी नेताओं को डराने, धमकाने और अपमानित करने के लिए केंद्र सरकार की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, ताकि उन्हें भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा बनने के लिए मजबूर किया जा सके.” सोरेन को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में 31 जनवरी को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था. वह फिलहाल रांची की बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद हैं.

सोरेन ने याचिका में कहा कि वह झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हैं और लोकसभा चुनाव शुरू होने के साथ उन्हें झारखंड में अपनी पार्टी के लिए तथा देशभर में ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए सक्रिय रूप से प्रचार करना होगा. याचिका में कहा गया कि मामला तात्कालिक महत्व का है और याचिकाकर्ता को चुनाव अभियान में भाग लेने के लिए तुरंत रिहा किया जाना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu