जब तक मोदी और भाजपा हैं, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देंगे : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 May 2024 08:58 PM
जब तक मोदी और भाजपा हैं, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देंगे : नड्डा
ऑडियो सुनें

वाराणसी/मऊ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा हैं, तब तक धर्म के आधार पर आरक्षण लागू नहीं होने दिया जाएगा. वाराणसी लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी और प्रधानमंत्री मोदी के चुनाव प्रचार के लिए यहां पहुंचे नड्डा ने काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में विपक्ष के बारे में पूछे गये एक सवाल पर कहा, ”विपक्ष को आप देख ही लेंगे कि चार जून (लोकसभा चुनाव परिणाम की घोषणा की तिथि) को उसका क्या हाल होगा.”

उन्होंने विपक्ष पर धर्म के आधार पर आरक्षण देने का मंसूबा रखने का आरोप लगाते हुए कहा, ”संविधान में स्पष्ट लिखा हुआ है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा और जब तक मोदी जी हैं और भारतीय जनता पार्टी है, तब तक धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देंगे. हम अपने दलित, आदिवासी, पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के आरक्षण पर किसी को डाका नहीं डालने देंगे.” नड्डा ने कहा, ”मैं जब भी वाराणसी आता हूं तो काल भैरव मंदिर, संकट मोचन और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करता हूं. जैसा कि हम सभी जानते हैं कि काशी एक धार्मिक नगरी है और सनातन को आगे ले जाने वाली नगरी है. यहां से नई ऊर्जा मिलती है.”

उन्होंने कहा, ”मैंने समाज की भलाई, शांति और खुशी तथा नरेन्द्र मोदी सरकार में शुरू किए गए विकास कार्यों को ताकत देने के लिए प्रार्थना की है. नरेन्द्र मोदी जी 400 से ज्यादा सीटों के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे.” नड्डा आज दिन में वाराणसी में कई बैठकों को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार मैदान में हैं. इस सीट के लिए सातवें और आखिरी चरण में आगामी एक जून को मतदान होगा.

बेटियों और महिलाओं को घरों में कैद करने की साजिश रच रहा इंडिया गठबंधन: आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) पर निशाना साधते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि यह गठजोड़ देश में शरिया कानून लागू करके महिलाओं और बेटियों को घर में कैद करने की साजिश रच रहा है.

आदित्यनाथ ने मऊ की घोसी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी अरविंद राजभर के पक्ष में आयोजित एक जनसभा में कहा, ”इंडी (इंडिया) गठबंधन से सावधान रहने की जरुरत है, क्योंकि वह कहता है कि सत्ता में आएंगे तो विरासत टैक्स लगाएंगे. इनका यह टैक्स औरंगजेब के जजिया कर की तरह है.” उनके अनुसार, ‘इंडी’ वाले कहते हैं कि सत्ता में आने पर पर्सनल लॉ लागू करेंगे यानी वह देश में तालिबानी और शरिया कानून लागू करना चाहते हैं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वह बेटियों और महिलाओं को घर में कैद करने की साजिश कर रहे हैं, लेकिन इन्हें यह नहीं पता कि यह देश बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संविधान से चलेगा. उन्होंने कहा ”हम देश में फिर से तीन तलाक की कुप्रथा शुरू नहीं होने देंगे.”

आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सोच नकारात्मक है और यह लोग प्रभु राम के साथ देश के भी विरोधी हैं. उन्होंने कहा ”यह लोग दलितों और पिछड़ों के हक पर डकैती डालते हैं. अब इनकी नजर ओबीसी (अन्य पिछड़े वर्गों) के आरक्षण पर है. वे कहते हैं कि ओबीसी आरक्षण में सेंध लगाकर उसे मुसलमानों को देंगे, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे. यह ओबीसी जाति के लोगों का अधिकार है और इस अधिकार को हम छीनने नहीं देंगे.” उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने कहा था कि आरक्षण का आधार धर्म नहीं हो सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल धर्म के आधार पर एक बार फिर देश को विभाजित करना चाहते हैं.
उन्होंने कहा ”लेकिन जनता इनके मंसूबों को समझ गई है. यही वजह है कि वह कहती है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu