आतिशी अपने दावे के पक्ष में सबूत दें अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें: भाजपा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 08:54 PM
आतिशी अपने दावे के पक्ष में सबूत दें अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी को उनके इस आरोप का ब्योरा देने की चुनौती दी कि उन्हें भाजपा में शामिल होने की पेशकश की गयी था अथवा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया था।

सचदेवा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यदि आतिशी अपने इस दावे के पक्ष में सबूत देने में विफल रहती हैं कि भाजपा ने उनके एक करीबी मित्र के माध्यम से पार्टी में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क किया था, तब भाजपा आप की मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ यदि आतिशी उस व्यक्ति का ब्योरा नहीं दे पाती हैं जिसके बारे में उन्होंने दावा किया है कि उसने भाजपा में शामिल होने के लिए हमारी तरफ से उनसे संपर्क किया था, तब हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। वह हम पर निराधार आरोप लगाकर बचकर नहीं निकल सकती हैं।’’ इस बीच, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी आप नेता से माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि वह अपने दावे के समर्थन में सबूत नहीं देती हैं तो उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम चाहते हैं कि हम पर झूठा आरोप लगाने को लेकर आतिशी माफी मांगें अथवा उस व्यक्ति के बारे में सबूत दें जिसने उनसे संपर्क किया। यदि आज शाम तक वह अपने दावे के पक्ष में कुछ पेश नहीं कर पाती हैं तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।’’
आतिशी ने दिन में इससे पहले दावा किया था कि उनके एक करीबी व्यक्ति ने उनसे कहा था कि उन्हें भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए या एक महीने के भीतर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के लिए तैयार रहना चाहिए।

आतिशी ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था, ‘‘ भाजपा ने एक बेहद करीबी व्यक्ति के जरिए मुझसे संपर्क किया था, जिसने मुझे सुझाव दिया कि अपने राजनीतिक करियर को बचाने के लिए मुझे भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। अन्यथा मुझे एक महीने के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’

भाजपा में शामिल होने या एक महीने में गिरफ्तारी के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई: आतिशी
आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने मंगलवार को दावा किया कि उनके एक करीबी व्यक्ति ने उनसे कहा था कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो जाना चाहिए या एक महीने के भीतर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के लिए तैयार रहना चाहिए.

आतिशी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि उनके अलावा ‘आप’ के तीन नेताओं – दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक दुर्गेश पाठक और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को भी गिरफ्तार किया जाएगा. दिल्ली की मंत्री ने दावा किया कि उन्हें बताया गया था कि आने वाले दिनों में प्रवर्तन निदेशालय उनके और उनके रिश्तेदारों के आवास पर छापे मारेगा.

उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की रविवार को रामलीला मैदान में हुई रैली की सफलता से भाजपा घबरा गई है और उसे एहसास हो गया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने से ‘आप’ का विघटन नहीं होगा.

प्रवर्तन निदेशालय ने केजरीवाल को अब रद्द हो चुकी दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के एक मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था और उन्हें शहर की एक अदालत ने सोमवार को 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया. ‘आप’ ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह उसके विधायकों को अपनी पार्टी में मिलाकर और आम आदमी पार्टी को तोड़कर दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू करना चाहती है. किराड़ी से ‘आप’ के विधायक ऋतुराज झा ने आरोप लगाया कि उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए 25 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav