नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को दावा किया कि दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री चुनी गईं आप नेता आतिशी एक ‘कठपुतली’ मुख्यमंत्री होंगी. आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आप आदमी पार्टी (आप) नेता दिलीप पांडे ने कहा कि अगर स्वाति मालीवाल को थोड़ी भी शर्म है तो उन्हें उच्च सदन की सीट छोड़ देनी चाहिए. मंगलवार को विधायक दल की बैठक में आतिशी को सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया.
मालीवाल ने कहा, ”आज दिल्ली के लिए बहुत दुखद दिन है. एक महिला दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं, जिनके परिवार ने आतंकवादी अफजल गुरु को फांसी की सजा से बचाने के लिए लड़ाई लड़ी थी.” उन्होंने आरोप लगाया, ”उनके (आतिशी) माता-पिता ने भारत के राष्ट्रपति को कई बार दया याचिका भेजी कि अफजल गुरु को फांसी न दी जाए, वह निर्दोष है और राजनीतिक साजिश का शिकार हुआ है.” मालीवाल ने आरोप लगाया, ”आज आतिशी मुख्यमंत्री बनेंगी, लेकिन हम सभी जानते हैं कि वह एक कठपुतली मुख्यमंत्री होंगी.”