पंजाब में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले राहुल ने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Jan 2023 06:24 PM
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत पंजाब में पदयात्रा आरंभ करने से एक दिन पहले मंगलवार को दोपहर में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में माथा टेका. वह इस यात्रा का हरियाणा का पड़ाव अंबाला में पूरा करने के बाद हवाई मार्ग से अमृतसर पहुंचे. केसरिया रंग की पगड़ी पहने राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका, अरदास में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया.

कांग्रेस ने राहुल गांधी की स्वर्ण मंदिर पहुंचने की तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘पंजाब में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत से पहले आज राहुल गांधी ने अमृतसर स्थित धार्मिक एकता के प्रतीक विश्व प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में माथा टेका और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की.’’ राहुल गांधी के अमृतसर पहुंचने पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अमंिरदर सिंह राजा वंिड़ग, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, स्थानीय सांसद गुरजीत सिंह औजला और पार्टी के कई नेता मौजूद थे.

पंजाब प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं को मंगलवार सुबह तक इसकी जानकारी नहीं थी कि राहुल गांधी अमृतसर पहुंचने वाले हैं.
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि राहुल गांधी अमृतसर में कुछ घंटे बिताने के बाद मंगलवार शाम फतेहगढ़ साहिब पहुंचेंगे.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार सुबह ट्वीट किया, ”भारत जोड़ो यात्रा का 116वां दिन हरियाणा के अम्बाला में पूरा हुआ. बुधवार को सुबह पंजाब में यह यात्रा आरंभ होगी. अमृतसर में पवित्र स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने के बाद यात्रा आरंभ करने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता.” उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी आज स्वर्ण मंदिर जाएंगे, इसलिए मंगलवार दोपहर बाद पदयात्रा नहीं होगी.

इससे पहले, राहुल गांधी ने मंगलवार को सुबह अम्बाला कैंट के शाहपुर से पदयात्रा आरंभ की. इस दौरान पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राज बब्बर भी इस यात्रा में शामिल हुए. यात्रा गत बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश से पानीपत के रास्ते हरियाणा में दाखिल हुई थी. यह पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र से होकर अंबाला तक पहुंची. गत 21 से 23 दिसंबर के बीच भी यह यात्रा हरियाणा के मेवात, Ÿफरीदाबाद और कुछ अन्य इलाकों से गुजरी थी.

रमेश ने बताया, ‘‘दोपहर में आज भारत जोड़ो यात्रा नहीं होगी. हम पंजाब आएंगे और सरंिहद में रात्रि विश्राम होगा. बुधवार सुबह यात्रा संबंधी ध्वज हरियाणा प्रदेश कांग्रेस द्वारा पार्टी की पंजाब इकाई को सौंपा जाएगा. इसके बाद हम पंजाब में पदयात्रा की शुरुआत करेंगे.’’ यह यात्रा बुधवार को मंडी गोंिबदगढ़ से होकर गुजरेगी और खन्ना में रात्रि विश्राम होगा. कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यात्रा के तहत रोजाना दो चरणों में करीब 25 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी.

रमेश ने बताया, ‘‘12 जनवरी को पंजाब में यात्रा सिर्फ सुबह की पारी में होगी और तय दूरी पूरी की जाएगी. इसके बाद लोहड़ी त्योहार के मद्देनजर उसी दिन दोपहर के बाद और फिर 13 जनवरी को पूरे दिन विश्राम रहेगा.’’ हरियाणा में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा, के सी वेणुगोपाल, दीपेंद्र हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान समेत कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. यह यात्रा जिन इलाकों से गुजरी वहां पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इसमें शामिल हुए.

किसी का नाम लिए बगैर रमेश ने आरोप लगाया कि देश में भाषा, धर्म, जाति और क्षेत्र के नाम पर नफरत फैलाई जा रही है.
उन्होंने कहा, ‘‘समाज में विविधता है और इसका दुरुपयोग किया जा रहा है ताकि समाज को बांटा जा सके. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिये हमारा लक्ष्य है कि यह संदेश लोगों तक पहुंचाया जाए कि कांग्रेस पार्टी जोड़ती है, वह तोड़ती नहीं है…हमारे संविधान निर्माताओं ने कहा था कि अनेकता में एकता है.’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इस विविधता को सुरक्षित रखना कांग्रेस की बुनियादी जिम्मेदारी है तथा जो भी विचारधारा इस विविधता का इस्तेमाल समाज को बांटने के लिए करेगी, उसके खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी.

रमेश ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) दीपक कपूर के शामिल होने की आलोचना करने के लिए भी भाजपा पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने हरियाणा में विभिन्न समूहों के साथ बातचीत की. किसान नेता राकेश टिकैत समेत कई किसान संगठनों के लोगों से भी कांग्रेस नेता ने संवाद किया. टिकैत ने राहुल गांधी के समक्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत कुछ मुद्दे रखे. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी और अब पंजाब पहुंची है. पंजाब के बाद यात्रा हिमाचल प्रदेश और फिर जम्मू-कश्मीर जाएगी. श्रीनगर में इस यात्रा का समापन होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu