विपक्ष का हिस्सा होने की सजा मिल रही है: राकांपा के जयंत पाटिल ने ईडी के समन पर कहा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 22 May 2023 12:31 PM
विपक्ष का हिस्सा होने की सजा मिल रही है: राकांपा के जयंत पाटिल ने ईडी के समन पर कहा
ऑडियो सुनें

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने धनशोधन के एक मामले में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर कहा कि विपक्ष का हिस्सा होने पर इस प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पाटिल ने यहां अपने आवास के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह ईडी के समक्ष पेश होने जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील भी की। अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने अब दिवालिया हो चुकी वित्तीय सेवा कंपनी आईएलएंडएफएस में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए पाटिल को तलब किया है।

इस्लामपुर सीट से 61 वर्षीय विधायक पाटिल को पहले 12 मई को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था लेकिन उन्होंने कुछ व्यक्तिगत तथा आधिकारिक कामों के कारण दस दिन की मोहलत मांगी थी। इसके बाद उन्हें 22 मई को पेश होने के लिए कहा गया था।

पाटिल ने सोमवर को कहा, ‘‘ मैं विपक्ष का हिस्सा हूं और इस प्रकार की परेशानी झेलनी होगी। मैंने आईएलएंडएफएस का नाम पहले कभी नहीं सुना लेकिन ईडी के अधिकारियों ने मुझे पेश होने के लिए कहा है। मैं उनके प्रश्नों का कानूनी दायरे के तहत जवाब देने की कोशिश करूंगा।’’

बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता राकांपा कार्यालय के बाहर एकत्र हुए जो दक्षिण मुंबई में ईडी के कार्यालय के बगल में स्थित है। पाटिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और अधिकारियों को अपना काम करने देने की अपील की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav