केरल में झमाझम बारिश, तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट; हवा की गति और मानसून पर IMD से क्या अपडेट?

नई दिल्ली: मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। केरल के कई हिस्सों में पिछली रात से ही भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून भारत में प्रवेश कर चुका है। केरल में मानसून के आगमन की आधिकारिक घोषणा के साथ ही नजरें इस बात पर भी हैं कि दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य हिस्सों में गर्मी से निजात कब मिलेगी। इस पहलू पर मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो-चार दिनों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

अगले तीन-चार दिनों में मॉनसून की गति कैसी रहेगी?
दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने को लेकर मौसम विभाग ने कहा,अगले 3 से 4 दिनों में कर्नाटक तट से होते हुए मानसून गोवा की अक्षांश रेखा तक आगे बढ़ेगा। मानसून के आगे बढ़ने के लिए जैसी मौसमी परिस्थितियां चाहिए, फिलहाल सबकुछ अनुकूल नजर आ रहा है। आईएमडी वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 10 जून के बाद मानसून की प्रगति धीमी होने की संभावना है।

केरल के तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मानसून की दस्तक से पहले मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार सुबह तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। यह अलर्ट अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए तीन घंटे तक प्रभावी रहेगा। मौसम एजेंसी ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है।

हवा की गति और बारिश की मात्रा पर IMD क्या बोला?
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश और बादलों की गरज के दौरान सतह पर हवा की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, इडुक्की और त्रिशूर जिलों में मध्यम बारिश का अनुमान है। इन जिलों में भी हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। आईएमडी ने पहले गुरुवार के लिए आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। नारंगी अलर्ट का मतलब 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होता है।

दिल्ली में मूसलाधार बारिश से गर्मी से राहत, आईएमडी का रेड अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश के कई शहरों में अचानक बदले मौसम के बाद मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उसम से राहत मिली। हालांकि, मौसम का मिजाज अचानक बदलने को लेकर मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है। अगले कुछ घंटे 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। दिल्ली-एनसीआर में लोगों को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button