रायपुर। खमतराई थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक नाबालिग गिरोह का खुलासा करते हुए पांच नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह ने एक बाइक रायपुर के रांवाभाठा स्थित मेटल पार्क के पास से और दूसरी बिलासपुर शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र से चुराई थी।
मेटल पार्क के पास से हुई थी चोरी
वाहन चोरी की मुख्य घटना 18 अक्टूबर की रात की है। पीड़ित राजेश ध्रुव ने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल रांवाभाठा रोड स्थित मेटल पार्क के पास सड़क किनारे खड़ी की थी, जहां से अज्ञात चोर उसे चुराकर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर खमतराई थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की टीम आसपास के इलाकों में लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
जांच के दौरान खमतराई पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने पांचों नाबालिगों को पकड़कर गहन पूछताछ की। पूछताछ में सभी किशोरों ने वाहन चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर रायपुर और बिलासपुर से चुराई गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
न्यायालय में पेश किए गए नाबालिग
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। पांचों नाबालिगों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कीं और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।