मांड्या. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 29वें दिन बृहस्पतिवार को अपने पुत्र राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ पदयात्रा कर उनका हौसला बढ़ाया. इस दौरान कई बार मां और बेटे के प्रेम की झलक भी देखने को मिली. पदयात्रा के दौरान की माता और पुत्र के स्रेह से जुड़ी कई तस्वीरों को कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर साझा भी किया.
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और उनके परिवार के असर वाले क्षेत्र मांड्या में राहुल गांधी और अन्य ‘भारत यात्रियों’ ने सुबह के समय पदयात्रा आरंभ की तो उनके साथ सोनिया गांधी भी पैदल चलीं. वह करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलीं और फिर वाहन के जरिये इसका हिस्सा बनी रहीं. वह दो घंटे से अधिक समय तक यात्रा में शामिल रहीं.
राहुल गांधी ने पदयात्रा की मां के साथ अपनी तस्वीर ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ‘‘हम पहले भी तूफानों से कश्ती निकाल कर लाए हैं, हम आज भी हर चुनौतियों की हदें तोड़ेंगे, मिलकर भारत जोड़ेंगे.’’ इस यात्रा के 29वें दिन भी राहुल गांधी ने रोज की तरह समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात और बातचीत की.
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बताया, ‘‘यात्रा के 29वें दिन दोपहर की बातचीत के दौरान राहुल गांधी गन्ना,बाजरा और डेयरी किसानों से मिले.आत्महत्या कर चुके किसानों के परिवारों से भी मुलाकात की.किसानों ने घटती आय और बढ़ते कÞजर्Þ का मुद्दा उठाया. सिफर्Þ मांड्या में पिछले साल 150 से अधिक किसानों ने आत्महत्या की है.’’ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य लोग जब पैदल चल रही थीं तो सड़क के दोनों तरफ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा खड़े नजर आए.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना कर रहीं सोनिया गांधी भले ही करीब एक किलोमीटर पैदल चली हों, लेकिन इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का उत्साह और बढ़ गया. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “सोनिया गांधी जी के इस यात्रा में शामिल होने से आज लोगों का उत्साह और बढ़ गया है. कर्नाटक में जनता की बहुत ही सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है.”
मांड्या के पांडवपुरम इलाके में जब सोनिया गांधी और राहुल गांधी साथ पदयात्रा कर रहे थे तो कई मौकों पर मां-बेटे के बीच के प्रेम और वात्सल्य की झलक साफ देखने को मिली. पदयात्रा के दौरान जब राहुल गांधी को यह पता चला कि उनकी मां के जूते का फीता खुल गया है तो उन्होंने तत्काल झुककर इसे बांधा. यह तस्वीर और इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है. पार्टी के कई नेताओं ने इससे जुड़े वीडियों और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं.
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने यह तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘‘वो सांस भी लेती है तो, उनमें भी दुआएं होती हैं, मांओं का तोड़ नही होता, माएं तो माएं होती हैं !’’ सोनिया गांधी और राहुल गांधी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है जिसमें यह नजर आ रहा कि राहुल गांधी अपनी मां से आगे पदयात्रा नहीं करने का आग्रह कर रहे हैं.
राहुल गांधी के साथ चल रहे एक ‘भारत यात्री’ ने बताया, ‘‘राहुल गांधी ने सोनिया जी को इसलिए रोका क्योंकि उनकी सेहत पिछले कुछ महीनों से खराब रही है. वह एक पुत्र की हैसियत से अपनी मां से ज्यादा दूर तक पदयात्रा नहीं करने के लिए कह रहे थे.’’ यात्रा के 29वें दिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का हाथ पकड़कर राहुल गांधी का दौड़ना भी आकर्षण का केंद्र रहा. 75 वर्षीय सिद्धरमैया राहुल गांधी के साथ कुछ देर तक दौड़ते रहे और आसपास मौजूद नेता हंसते नजर आए.
राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी. इन दिनों यह यात्रा कर्नाटक में है. यात्रा का समापन अगले साल की शुरुआत में कश्मीर में होगा. इस यात्रा में कुल 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी. पार्टी ने राहुल समेत उन 119 नेताओं को “भारत यात्री” नाम दिया है जो पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे. ये लोग 3,570 किलोमीटर की निर्धारित दूरी तय करेंगे. कांग्रेस का मानना है कि यह यात्रा उसके लिए संजीवनी का काम करेगी.