राज्यसभा की 56 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 27 फरवरी को: निर्वाचन आयोग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jan 2024 07:24 PM
राज्यसभा की 56 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 27 फरवरी को: निर्वाचन आयोग
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राज्यसभा में 15 राज्यों की 56 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 27 फरवरी को होगा. निर्वाचन आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित 56 निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है.

जिन केंद्रीय मंत्रियों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया शामिल हैं. अधिसूचना जारी होने के साथ ही आठ फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
आयोग ने कहा कि 50 सदस्य दो अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे जबकि छह सदस्य 3 अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे.

अप्रैल में सेवानिवृत्त होने वाले अन्य नेताओं में ओडिशा से बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्य प्रशांत नंदा और अमर पटनायक, उत्तराखंड से भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी और मत्स्य पालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और गुजरात से कांग्रेस सदस्य नारनभाई राठवा और अमी याग्निक शामिल हैं.

विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन, एमएसएमई मंत्री नारायण राणे, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, कांग्रेस सदस्य कुमार केतकर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सदस्य वंदना चव्हाण और शिवसेना (यूबीटी) सदस्य अनिल देसाई महाराष्ट्र से सेवानिवृत्त हो रहे हैं.

सबसे अधिक दस सीट उत्तर प्रदेश से खाली हो रही है. इसके बाद महाराष्ट्र और बिहार से (छह-छह), मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से (पांच-पांच), कर्नाटक और गुजरात से (चार-चार), ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश से तीन, राजस्थान से दो और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ. से (एक-एक) सीट खाली होंगे. राज्यसभा में फिर से नामांकन के लिए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के बाहर एक सीट तलाशनी होगी क्योंकि वहां कांग्रेस सत्ता में है.

कांग्रेस कर्नाटक और तेलंगाना से संसद के ऊपरी सदन में अपने उम्मीदवारों को भेजने की उम्मीद कर सकती है. इन राज्यों में वह पिछले साल सत्ता में आई थी. कर्नाटक में राज्यसभा के चार और तेलंगाना में तीन सदस्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं. महाराष्ट्र में राकांपा और शिवसेना में फूट के कारण राज्यसभा चुनाव राज्यसभा चुनाव पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी. कर्नाटक में भाजपा के राजीव चंद्रशेखर, कांग्रेस के एल हनुमनथैया, जी सी चंद्रशेखर और सैयद नासिर हुसैन का कार्यकाल पूरा हो रहा है.

तेलंगाना से भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के जोगिनीपल्ली संतोष कुमार, रविचंद्र वद्दीराजू और बी लिंगैया यादव सेवानिवृत्त हो रहे सदस्य हैं. तेलंगाना में सत्तारूढ. कांग्रेस राज्य से राज्यसभा में अपने कम से कम दो उम्मीदवारों को भेजने की उम्मीद कर सकती है.
पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के अबीर रंजन बिस्वास, सुभाशीष चक्रवर्ती, मोहम्मद नदीमुल हक और शांतनु सेन तथा कांग्रेस सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है.

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार झा और अहमद अशफाक करीम, जनता दल यूनाइटेड के अनिल प्रसाद हेगड़े और बशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा सदस्य सुशील कुमार मोदी और कांग्रेस सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह का राज्यसभा में कार्यकाल पूरा हो रहा है.

उत्तर प्रदेश से भाजपा सदस्य अनिल अग्रवाल, अशोक बाजपेयी, अनिल जैन, कांता कर्दम, सकलदीप राजभर, जीवीएल नरसिम्हा राव, विजय पाल सिंह तोमर, सुधांशु त्रिवेदी और हरनाथ सिंह यादव तथा समाजवादी पार्टी सदस्य जया बच्चन सेवानिवृत्त हो रहे हैं.
आंध्र प्रदेश से तेदेपा सदस्य कनकमेदला रवींद्र कुमार, भाजपा सदस्य सी एम रमेश और वाईएसआरसीपी सदस्य प्रभाकर रेड्डी वेमिरेड्डी राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं.

भाजपा सदस्य सरोज पांडे छत्तीसगढ. और डीपी वत्स क्रमश: छत्तीसगढ. और हरियाणा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं. इसके अलावा चार मनोनीत सदस्य जुलाई में सेवानिवृत्त हो रहे हैं जबकि दो मनोनीत सीट खाली हैं. जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले मनोनीत सदस्यों में महेश जेठमलानी, सोनल मानसिंह, राम शकल और राकेश सिन्हा शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu