गुजरात: मोरबी पुल हादसे में मृतक संख्या बढ़ कर 134 हुई; चार लोग गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 31 Oct 2022 09:28 PM
गुजरात: मोरबी पुल हादसे में मृतक संख्या बढ़ कर 134 हुई; चार लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मोरबी/मास्को/यरूशलम. गुजरात के मोरबी शहर में एक केबल पुल टूटने की घटना में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर सोमवार को 134 हो गई. इसबीच, हादसे के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और ब्रिटिश शासन काल के इस पुल के रखरखाव एवं संचालन की जिम्मेदारी जिन कंपनियों को दी गई थी, उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है. मच्छु नदी पर स्थित पुल के टूटने के एक दिन बाद, सोमवार को भी बचाव अभियान जारी रहा.

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी विभिन्न एजेंसियों द्वारा चलाये जा रहे बचाव अभियान की निगरानी के लिए रविवार रात मोरबी में ही डेरा डाले रहे. राज्य की राजधानी गांधीनगर से करीब 300 किमी दूरी पर स्थित एक सदी से अधिक पुराने इस पुल को व्यापक मरम्मत कार्य के बाद पांच दिन पहले ही फिर से खोला गया था. रविवार शाम साढ़े छह बजे जब यह पुल टूटा, उस समय इस पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे.

राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक यादव ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘पुल टूटने की घटना में मृतक संख्या बढ़ कर 134 हो गई है.’’ राज्य सूचना विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के पांच दल, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की छह पलटन, वायुसेना का एक दल, थलसेना की एक दो टुकड़ियां और नौसेना के दो दलों के अलावा स्थानीय बचाव दल भी (बचाव) अभियान में जुटे हुए हैं.

आईजी ने कहा, ‘‘बचाव अभियान अब भी जारी है.’’ संघवी ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार ने पुल हादसे की जांच के लिए एक समिति गठित की है. पुलिस ने बताया कि पुल टूटने की घटना से जुड़े मामले के सिलसिले में सोमवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया.

आईजी ने कहा, ‘‘हमने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है.’’ हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया और कहा कि पुलिस शीघ्र ही मीडिया को जानकारी देगी. पुलिस ने उन एजेंसियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोपों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है, जिन्हें इसके रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी.

मोरबी ‘बी’ डिवीजन पुलिस थाने में रविवार रात दर्ज की गई प्राथमिकी में, पुलिस ने केबल पुल के रखरखाव और प्रबंधन के लिए जिम्मेदार एजेंसियों को मुख्य आरोपी बनाया है, जिनके नाम जांच के दौरान सामने आए थे. मोरबी ‘बी’ डिवीजन पुलिस थाने के निरीक्षक प्रकाश डेकीवाडिया ने कहा कि मच्छु नदी पर स्थित पुल को करीब आठ महीनों से उपयोग में नहीं लाया जा रहा था क्योंकि स्थानीय प्रशासन ने इसकी मरम्मत के लिए निजी एजेंसी की सेवा ली थी.

प्राथमिकी में कहा गया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद एजेंसी ने पुल को 26 अक्टूबर को लोगों के लिए खोल दिया था.
प्राथमिकी के अनुसार, एजेंसी के लोगों के ‘‘लचर रवैये’’ के चलते यह घटना हुई. इसमें कहा गया है कि संबद्ध व्यक्तियों या एजेंसियों ने रखरखाव एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा. प्राथमिकी में कहा गया है कि एजेंसी ने पुल के रखरखव और प्रबंधन में लचर रवैया रहने से लोगों की मौत हो सकने को जानते हुए भी उसे लोगों के लिए खोल दिया.

पुलिस अधीक्षक राहुल त्रिपाठी ने कहा, ‘‘हमने एक प्राथमिकी दर्ज की है और ओरेवा कंपनी के उस कर्मचारी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं जो कल (रविवार को) पुल पर ड्यूटी पर था.’’ चुनाव राज्य गुजरात के दौरे पर आये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया. उन्होंने देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर नर्मदा जिले के केवडिया में ‘स्टेच्यू आॅफ यूनिटी’ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा, ‘‘मैं केवडिया में हूं पर मेरा मन मोरबी के पीड़ितों से जुड़ा हुआ है.’’ उन्होंने कहा कि पारंपरिक नृत्य कार्यक्रम के लिए देशभर से मंडलियां केवडिया आई थीं, लेकिन मौजूदा परिस्थितयों को लेकर कार्यक्रम रद्द कर दिये गये.
भाजपा सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद, मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अहमदाबाद में सोमवार को किया जाने वाला अपना रोड शो रद्द कर दिया.

सूत्रों ने बताया कि मोदी की डिजिटल उपस्थिति में मंगलवार को आयोजित किया जाने वाला एक पन्ना प्रमुख सम्मेलन भी स्थगित कर दिया गया. इस बीच, कांग्रेस ने कहा कि उसकी ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ हादसे के कारण एक दिन के लिए टाल दी गई है.

ओरेवा समूह के चार कर्मियों सहित नौ लोग गिरफ्तार

गुजरात के मोरबी शहर में मच्छु नदी पर तारों का पुल टूटने के मामले में सोमवार को ओरेवा समूह ग्रुप के चार र्किमयों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘इन नौ लोगों में से दो लोग मैनेजर हैं, जबकि दो पुल के पास टिकट बुंिकग क्लर्क हैं. हम गहन जांच करेंगे और दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा.’’ उन्होंने कहा कि अन्य पांच आरोपियों में ओरेवा समूह द्वारा काम पर रखे गए दो मरम्मत ठेकेदार और पुल पर सुरक्षार्किमयों के रूप में काम करने वाले तीन लोग शामिल हैं.

पुलिस ने केबल पुल के रखरखाव और संचालन का काम देखने वाली एजेंसियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में एक प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के अनुसार भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या की सजा) और 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामला मोरबी में दर्ज किया गया है. ‘बी’ डिवीजन के पुलिस निरीक्षक प्रकाश देकीवाडिया द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि मोरबी शहर में मच्छु नदी पर बना पुल लगभग आठ महीने से उपयोग में नहीं था और स्थानीय प्रशासन ने इसके रखरखाव के लिए एक ‘निजी एजेंसी’ को नियुक्त किया था.

दुनिया भर के नेताओं ने शोक जताया

रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन और इजराइल के प्रधानमंत्री याइर लापिद ने गुजरात के मोरबी शहर में मच्छू नदी पर बने केबल पुल हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. राजधानी गांधीनगर से करीब 300 किलोमीटर दूर स्थित मोरबी में मच्छू नदी पर बना यह पुल एक सदी से भी अधिक समय पुराना है. मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य के बाद इसे आम जन के लिए पांच दिन पहले ही खोला गया था. पुल रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया. इस हादसे में अब तक 134 लोगों की मौत हो चुकी है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सोमवार को क्रेमलिन वेबसाइट पर प्रकाशित एक संदेश में, पुतिन ने कहा, ‘‘माननीय राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, कृपया गुजरात राज्य में दुखद पुल हादसे के प्रति मेरी संवेदना स्वीकार करें.’’ रूस की एक समाचार एजेंसी ‘टीएएसएस’ के मुताबिक, पुतिन ने हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ितों के प्रियजनों और दोस्तों के प्रति सहानुभूति और समर्थन व्यक्ति किया और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

शोक संदेश में इजराइल के प्रधानमंत्री लापिद ने कहा कि गुजरात में कल हुए पुल हादसे के बाद इजराइल के लोगों की संवादनाएं और प्रार्थनाएं भारत के लोगों के साथ हैं. उन्होंने ट्वीट किया है, ‘‘घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी संवदेनाए. घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’’ राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे गए संदेश में श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमंिसघे ने कहा कि पुल गिरने के दुखद हादसे से वह ‘‘सदमे में और दुखी हैं.’’

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘श्रीलंका की सरकार और जनता सहित मैं भारत सरकार और भारत की जनता के प्रति, खास तौर से जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. घायलों के जल्दी स्वस्थ्य होने और राहत एवं बचाव कार्य सफलपूर्वक पूरी होने की कामना करता हूं.’’ नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने गुजरात के मोरबी शहर में एक पुल टूटने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति सोमवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त की.

देउबा ने ट्वीट किया कि वह इस घटना से बहुत दुखी हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हम कीमती ंिजदगियों को गंवाने पर भारत की सरकार तथा लोगों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के प्रति हैं.’’ सउदी अरब के विदेश मंत्रालय ने भी बयान जारी करके गुजरात के मोरबी में हुए हादसे पर शोक जताया है.

पुल टूटने की घटना पर सवाल के जवाब में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजिआन ने बींिजग में कहा, ‘‘जो हुआ, हमने उसपर संज्ञान लिया है और लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हैं. हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों और दुर्घटना में घायल लोगों के साथ हैं.’’

पोलैंड के विदेश मंत्री, भूटान के प्रधानमंत्री, दक्षिण कोरिया आदि ने भी मोरबी पुल हादसे पर शोक जताया है. मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है. राज्य सरकार ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजन को चार-चार लाख रुपए और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए का मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav