बिहार चुनाव प्रधानमंत्री की नीतियों का समर्थन, कांग्रेस की राजनीति की अस्वीकृति है: प्रधान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Nov 2025 09:03 PM
बिहार चुनाव प्रधानमंत्री की नीतियों का समर्थन, कांग्रेस की राजनीति की अस्वीकृति है: प्रधान
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों की पुष्टि और कांग्रेस की ”नकारात्मक” राजनीति की अस्वीकृति हैं. प्रधान ने यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद यह टिप्पणी की. उन्होंने कहा, ”मैं विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता के फैसले के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं. उन्होंने प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को पूरी मान्यता दी है.” राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीट जीतकर सत्ता में जबरदस्त वापसी की है.

प्रधान ने कहा, ”जब तक देश के पूर्वी हिस्से विकसित नहीं हो जाते, भारत की प्रगति की कल्पना करना बेमानी है. दो दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद राजग ने बिहार चुनाव में जीत हासिल की. यह प्रधानमंत्री की शासन-शैली की बड़ी स्वीकृति है.” कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने ”लोगों और समाज को बांटने वाली विपक्षी पार्टी की नकारात्मक नीतियों को नकार दिया है.” केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा, ”ओडिशा के नुआपाड़ा उपचुनाव में भी लोगों ने भाजपा को वोट दिया. मैं नुआपाड़ा में जीत के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल को भी बधाई देता हूं.” प्रधान का पुरी जाकर श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने और भद्रक जिले के धामनगर में जाने का भी कार्यक्रम है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu