भाजपा की विचारधारा बढ़ते वायु प्रदूषण का समर्थन करती है: गोपाल राय

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 01 Nov 2022 03:22 PM
भाजपा की विचारधारा बढ़ते वायु प्रदूषण का समर्थन करती है: गोपाल राय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के पक्ष में है, क्योंकि पार्टी ने पटाखे फोड़ने के समर्थन में तो आवाज उठाई लेकिन पंजाब सरकार को पराली नहीं जलाने के लिए किसानों को नकद प्रोत्साहन प्रदान करने में मदद नहीं की।

राय ने यहां एक निर्माण स्थल के निरीक्षण के बाद संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निर्देश के बगैर वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने के लिये ‘‘रेड लाइट आॅन गाड़ी आॅफ’’ अभियान को लागू करने पर रोक नहीं लगाते।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की मानसिकता और विचारधारा वायु प्रदूषण के स्तर में वृद्धि के पक्ष में है। अगर केंद्र ने फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए किसानों को नकद प्रोत्साहन प्रदान करने की राज्य सरकार की पहल का समर्थन किया होता तो पंजाब में पराली जलाने में बड़े पैमाने पर कमी देखी जा सकती थी।’’

राय ने कहा, ‘‘हमने यह भी देखा कि भाजपा के लोग दिल्ली में (दिवाली पर) पटाखे फोड़ने का समर्थन करने में लगे थे। वे भी दिल्ली में रहते हैं। वायु प्रदूषण से लड़ने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा को यह सोचना बंद करना चाहिए कि वायु प्रदूषण किसी एक राजनीतिक दल या राज्य विशेष की समस्या है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav