नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को लोकसभा में झारखंड में एक आदिवासी महिला की हत्या का मुद्दा उठाते हुए इसमें अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों का हाथ होने का आरोप लगाया. झारखंड पुलिस के अनुसार एक महिला की हत्या किये जाने और उसके शव के अनेक टुकड़े कर राज्य में साहिबगंज जिले के विभिन्न इलाकों में फेंके जाने के मामले में 28 साल के एक व्यक्ति तथा उसके परिवार के सदस्यों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया.
इस मुद्दे को सदन में उठाते हुए झारखंड के गोड्डा से लोकसभा सदस्य दुबे ने कहा, ‘‘मैं इस मुद्दे को सदन में बार-बार उठाता रहा हूं कि मेरे संसदीय क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों का कब्जा हो गया है. यह सब झारखंड सरकार के सहयोग से हो रहा है.’’ उन्होंने कहा कि दो दिन पहले एक जनजातीय समुदाय की लड़की को जबरदस्ती शादी के लिए बाध्य किया गया और फिर उसकी हत्या कर शरीर के 50 टुकड़े कर दिये गये. दुबे ने कहा, ‘‘लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. यदि यह हत्याकांड दिल्ली, कोलकाता या मुंबई जैसे किसी शहर में होता तो मीडिया इसे जोरशोर से उठाता.’’ उन्होंने केंद्र से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया.