गुजरात में हार के डर से आप को ‘कुचलने’ की कोशिश कर रही है भाजपा : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Sep 2022 08:10 PM
गुजरात में हार के डर से आप को ‘कुचलने’ की कोशिश कर रही है भाजपा : केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि वे भ्रष्टाचार से लड़ने के नाम पर आम आदमी पार्टी (आप) को ‘‘कुचलने’’ की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि उन्हें गुजरात चुनाव में हार का डर है.

‘आप’ के निर्वाचित प्रतिनिधियों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के मंत्रियों और नेताओं को मोदी सरकार भ्रष्टाचार के झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है क्योंकि भाजपा ‘‘गुजरात में ‘आप’ की बढ़ती लोकप्रियता को पचा नहीं पा रही है.’’ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ‘आप’ के बढ़ते प्रभाव से इस कदर बौखला गई है कि ‘‘प्रधानमंत्री के सलाहकार हिरेन जोशी ने कई टीवी चैनलों के मालिकों तथा उनके संपादकों को गंभीर नतीजे भुगतने की चेतावनी देते हुए गुजरात में ‘आप’ को कवरेज न देने को कहा है.’’

केजरीवाल ने दावा किया, ‘‘इनमें से कई संपादक उन्हें भेजे गए अपने संदेश दिखा रहे थे. उन्होंने (जोशी) संपादकों और उनके चैनलों के मालिकों को लिखे (अपने संदेश में) अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि यदि उन्होंने केजरीवाल को अपने चैनलों पर दिखाया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.’’ उन्होंने दावा किया कि ‘‘ऐसी धमकियों’’ के कारण, गुजरात में समाचार चैनल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के आरोपों पर टीवी बहस में भाग लेने के लिए उनकी पार्टी से किसी नेता को नहीं बुलाते हैं.

केजरीवाल ने कहा, ‘‘सिसोदिया के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के आरोप पर केवल कांग्रेस और भाजपा के लोग टीवी पर बहस में हिस्सा लेते हैं और चर्चा करते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा करना बंद कीजिए. अगर ये संपादक जोशी के संदेशों का स्क्रीनशॉट साझा कर देंगे तो प्रधानमंत्री तथा उनके सलाहकार दोनों देश को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे.’’ उन्होंने कहा कि मुख्यधारा के मीडिया द्वारा पार्टी को कोई कवरेज देने के खिलाफ ‘धमकी’ दिए जाने के बावजूद पूरे गुजरात में ‘आप’ की चर्चा हो रही है, क्योंकि सोशल मीडिया के जरिये लोगों तक सूचनाएं पहुंच रही हैं.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘यह ‘आप’ को कुचलने की साजिश है, भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई लड़ाई नहीं है. वे सिर्फ ‘आप’ को रोकना चाहते हैं.’’ केजरीवाल ने कहा कि भाजपा गुजरात में उनकी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान है. उन्होंने कहा, ‘‘हम गुजरात में अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ‘आॅपरेशन लोटस’ के तहत अब तक अन्य दलों की सरकारों को गिराने के लिए पूरे देश में 285 विधायकों को ‘‘खरीदा’’ और इस पर ‘‘7,000-8,000 करोड़ रुपये खर्च किए.’’ केजरीवाल ने प्रधानमंत्री पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ‘‘आप भ्रष्टाचार कर रहे हैं, लूटे हुए पैसों से विधायकों को खुलेआम खरीद रहे हैं. फिर भी आपमें लालकिले की प्राचीर से यह कहने का दुस्साहस है कि आप भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं.’’

प्रधानमंत्री की ‘रेवड़ी संस्कृति’ टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि आप की मुफ्त सुविधाओं की यह कहकर आलोचना की जा रही है कि लोगों को नि:शुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराने से देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी. उन्होंने कहा, ‘‘कोई बेईमान, भ्रष्ट और गद्दार व्यक्ति ही यह कहेगा कि नि:शुल्क सुविधाएं देश के लिए सही नहीं हैं. अगर कोई नेता कहता है कि मुफ्त सुविधाएं देने से देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी तो आपको समझना होगा कि उनके इरादे गलत हैं.’’

केजरीवाल ने दावा किया कि ‘आप’ नेताओं को ‘‘भ्रष्टाचार के झूठे मामलों’’ में फंसाया जा रहा है क्योंकि भाजपा उनकी ‘‘ईमानदार राजनीति, मुफ्त सुविधाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में किए गए काम’’ को पचा नहीं पा रही है. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में ‘आप’ के और नेताओं को गिरफ्तार किया जा सकता है. उन्होंने पार्टी नेताओं को ‘‘अगले तीन महीनों’’ के वास्ते जेल जाने के लिए तैयार रहने को कहा. उन्होंने कहा, ‘‘तीन महीनों के बाद, वे आपका कोई नुकसान नहीं कर पाएंगे.’’

पार्टी के ‘राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन’ में शामिल होने के लिए पंजाब से ‘आप’ के 92 विधायक, दिल्ली के 62 विधायक और गोवा के दो विधायक, 20 राज्यों से शहरी स्थानीय निकायों और पंचायतों के 1,400 से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधि आए हैं. ‘आप’ के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, जो जर्मनी में हैं, समापन सत्र के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.’’

जिन लोगों ने छात्राओं की आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया, उन्हें सख्त सजा मिलेगी : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि पंजाब में एक विश्वविद्यालय की छात्राओं का ‘‘आपत्तिजनक’’वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने में संलिप्त लोगों को सख्त सजा मिलेगी. पुलिस ने बताया कि कई छात्राओं का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के खिलाफ मोहाली स्थित विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया था.

पुलिस ने बताया कि वीडियो आॅनलाइन साझा करने में संलिप्त छात्रा को पकड़ लिया गया है. उन्होंने बताया कि आरोप है कि छात्रा ने कुछ छात्राओं का वीडियो बनाकर उन्हें शिमला के युवक को भेजा जिसने कथित तौर पर इन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया.
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘ चंडीगढ़ यूनिर्विसटी में एक लड़की ने कई छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया. यह बेहद संगीन और शर्मनाक है. इसमें शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी. पीड़ित बेटियां हिम्मत रखें. हम सब आपके साथ हैं. सभी संयम से काम लें.’’ पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. उल्लेखनीय है कि पंजाब में ‘आप’ की सरकार है.
पंजाब के स्कूली शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से संयंम रखने को कहा है और भरोसा दिया है कि दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह संवेदनशील मामला है और हमारी बहनों-बेटियों के सम्मान से जुड़ा है. मीडिया सहित सभी को सतर्क रहने की जरूरत है. एक समाज के तौर पर यह हमारे लिए भी परीक्षा की घड़ी है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu