गुजरात चुनाव में मोदी के नारे के इर्द-गिर्द भाजपा का प्रचार अभियान ‘जोरदार हिट’ : पार्टी नेता

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 23 Nov 2022 01:41 PM
गुजरात चुनाव में मोदी के नारे के इर्द-गिर्द भाजपा का प्रचार अभियान ‘जोरदार हिट’ : पार्टी नेता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: हर गुजराती को वर्तमान गुजरात से जोड़ने की कोशिश के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दिया गया चुनावी नारा ‘जोरदार हिट’ साबित हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूत्रों के अनुसार अभी तक 34 लाख से अधिक लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी सेल्फी और वीडियो अपलोड कर इसमें भागीदारी की है।

गुजरात विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद अपने गृह राज्य में पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने गुजराती में नया नारा दिया ‘‘आ गुजरात में बनाव्यु छे (यह गुजरात मैंने बनाया है)।’’ इतना ही नहीं मोदी ने अपने 25 मिनट लंबे भाषण में लोगों से कई बार यह नारा भी लगवाया।

उन्होंने कहा था, ‘‘आदिवासी हों या मछुआरे, ग्रामीण हों या शहरी, प्रत्येक गुजराती आज विश्वास से भरा है। इसलिए हर गुजराती कहता है ‘आ गुजरात में बनाव्यु छे (यह गुजरात मैंने बनाया है)’। लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत से यह राज्य बनाया है।’’ प्रधानमंत्री के इस नारे के बाद भाजपा की गुजरात इकाई ने अगले दिन इस नारे को चुनाव प्रचार में शामिल कर अभियान चलाने की शुरुआत की थी।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि अभी तक 34 लाख से अधिक लोग अपनी सेल्फी और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों और ‘नमो ऐप’ पर साझा कर चुके हैं और इस अभियान से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्यभर में भाजपा द्वारा बनाए गए सेल्फी केंद्रों पर लाखों लोगों ने सेल्फी ंिखचवाई और इस अभियान में भागीदारी की।

भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘यह नारा तुरंत हिट हो गया। कई लोगों को यह 2019 के लोकसभा चुनावों के सुपरहिट नारे ‘मैं भी चौकीदार’ की याद दिलाता है। लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि लोग वास्तव में नारे की भावना से जुड़े हुए हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि यह नारा आॅनलाइन के साथ-साथ धरातल पर भी ‘‘जोरदार हिट’’ साबित हुआ है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav