ईश्वरप्पा, जरकीहोली को फिर से मंत्री बनाने के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व ‘सकारात्मक’: बोम्मई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Dec 2022 06:12 PM
ईश्वरप्पा, जरकीहोली को फिर से मंत्री बनाने के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व ‘सकारात्मक’: बोम्मई
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु/बेलगावी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मंगलवार को कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व राज्य मंत्रिमंडल में पूर्व मंत्रियों के. एस. ईश्वरप्पा और रमेश जरकीहोली को फिर से शामिल करने के लिए ‘सकारात्मक’ है. रिश्वतखोरी के आरोपों के कारण ईश्वरप्पा और ‘सेक्स स्कैंडल’ को लेकर जरकीहोली ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, दोनों को संबंधित मामलों की जांच कर रही जांच एजेंसियों ने क्लीन चिट दे दी थी.

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरप्पा ने कहा कि बोम्मई ने उन्हें जल्द ही मंत्रिमंडल में शामिल करने का आश्वासन दिया है. ईश्वरप्पा ने इस साल की शुरुआत में राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था. बेलगावी के एक ठेकेदार ने 2020 में एक सरकारी ठेके में 40 प्रतिशत कमीशन की मांग का आरोप लगाते हुए कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद ईश्वरप्पा ने इस्तीफा दे दिया था.

दोनों नेता पुलिस द्वारा उन्हें उन मामलों में ‘क्लीन चिट’ दिये जाने का हवाला देते हुए फिर से मंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं. शिवमोग्गा से विधायक ईश्वरप्पा और गोकक विधायक जरकीहोली, उत्तर कर्नाटक के बेलगावी में सोमवार से शुरू हुए विधानसभा सत्र में अब तक अनुपस्थित रहे हैं. ईश्वरप्पा ने कहा था कि जब तक उन्हें मंत्री नहीं बनाया जाता तब तक वे विधानसभा सत्र में शामिल नहीं होंगे.

बोम्मई ने मंगलवार को कहा कि वह जरकीहोली और ईश्वरप्पा के संपर्क में हैं. उनका विधानसभा के सत्र में नहीं आना बहिष्कार नहीं है. बोम्मई ने बेलगावी में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे अपनी इस सोच के साथ सही हैं कि सभी आरोपों से मुक्त होने के बाद ही उन्हें मंत्रिपरिषद में वापस आना चाहिए.’’ बोम्मई ने कहा कि उनके हालिया दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी आलाकमान ने ईश्वरप्पा और जरकीहोली से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी.

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वे (पार्टी नेतृत्व) भी उन्हें शामिल करने के लिए सकारात्मक हैं, लेकिन कुछ चीजें सार्वजनिक रूप से नहीं बताई जा सकती हैं.’’ इस बीच, ईश्वरप्पा ने कहा कि बोम्मई ने उन्हें जल्द ही मंत्रिमंडल में शामिल करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने मुझे क्लीन चिट मिलने के बाद, पार्टी आलाकमान से बात करने और मुझे मंत्रिमंडल में शामिल करने का आश्वासन दिया है.’’ विधायक ने कहा, ‘‘मुझे ही नहीं, बल्कि रमेश जरकीहोली को भी मंत्री बनाया जाएगा क्योंकि उन्हें भी क्लीन चिट मिल गई है.’’ यह पूछे जाने पर कि आश्वासन के बाद क्या वह विधानसभा के सत्र में शामिल होंगे, ईश्वरप्पा ने कहा, ‘‘मैं कोई फैसला लेने से पहले शाम में मुख्यमंत्री से बात करूंगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu