भाजपा की दिल्ली इकाई ने आतिशी को भेजा मानहानि नोटिस, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Apr 2024 10:26 PM
भाजपा की दिल्ली इकाई ने आतिशी को भेजा मानहानि नोटिस, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी को मानहानि नोटिस भेजा और अपने एक ”बेहद करीबी” व्यक्ति के माध्यम से उन्हें भाजपा में शामिल होने के दावे पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है.

आतिशी ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा को ऐसे माध्यमों से आप नेताओं पर हमला करने के बजाय चुनाव में उनकी पार्टी से लड़ना चाहिए. दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने एक दिन पहले दावा किया था कि उनके सहित ‘आप’ के चार वरिष्ठ नेताओं सौरभ भारद्वाज, राघव चड्ढा और दुर्गेश पाठक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा. आतिशी ने यह भी दावा किया था कि उन्हें या तो भाजपा में शामिल होने या फिर एक महीने के भीतर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किये जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया था.

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आतिशी को मानहानि नोटिस भेज दिया गया है और उनसे अपने दावे के लिए सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की गयी है. उन्होंने कहा, ”आतिशी सबूत देने में विफल रहीं कि उनसे किसने, कब और कैसे संपर्क किया था. दिल्ली में ‘आप’ संकट का सामना कर रही है, जिस कारण वह हताशा में इस तरह के झूठे और निराधार आरोप लगा रही है. लेकिन हम उन्हें बचकर नहीं जाने देंगे.” सचदेवा ने आतिशी से अपने दावे को साबित करने के लिए अपना फोन जांच एजेंसी को सौंपने को कहा.

भाजपा की दिल्ली इकाई के वकील ने कहा कि पार्टी ने आतिशी को अपना बयान वापस लेने के लिए मानहानि नोटिस भेजा है. वकील ने बयान को ‘झूठा, अपमानजनक और मनगढ.ंत’ करार दिया और दावा किया कि यह बयान ‘गलत इरादे’ से दिया गया था. भाजपा द्वारा दो अप्रैल को भेजे गए मानहानि नोटिस में कहा गया, ”आपसे अनुरोध है कि आप उक्त भाषण को तुरंत वापस लें और अपनी माफी को टेलीविजन और सोशल मीडिया पर प्रमुखता से प्रसारित करें, ऐसा न करने पर मेरे मुवक्किल को आपके खिलाफ आपके जोखिम और कीमत पर आपराधिक और नागरिक दोनों कार्यवाही शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा.”

आतिशी से जब संवाददाता सम्मेलन में कानूनी नोटिस के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”हम कह रहे हैं कि भाजपा का एक ही लक्ष्य है – आप नेताओं को एक-एक करके जेल भेजना. जो हम कह रहे हैं उन्होंने उसी आशंका को मजबूत किया है. भाजपा अपनी विभिन्न एजेंसियों के जरिए आम आदमी पार्टी पर हमला कर रही है. यदि आप वास्तव में हमसे लड़ना चाहते हैं, तो आपको चुनावी मैदान में हमारा मुकाबला करना चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu