आबकारी नीति को लेकर भाजपा का ‘आप’ पर ताजा हमला, शराब व्यापारी का संबंध केजरीवाल से जोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Sep 2022 08:11 PM
आबकारी नीति को लेकर भाजपा का ‘आप’ पर ताजा हमला, शराब व्यापारी का संबंध केजरीवाल से जोड़ा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने वापस ले ली गई नयी आबकारी नीति के तहत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के एक करीबी को शराब का ठेका दिया था. केजरीवाल पर ताजा हमले करते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में करमजीत सिंह लांबा नाम के एक व्यक्ति की केजरीवाल और आप के विधायक सौरव भारद्वाज के साथ तस्वीरें दिखाईं और कहा कि वह शराब वितरण का ठेका हासिल करने वाली कंपनी यूनिवर्सल डिस्ट्रीब्यूटर्स में ना सिर्फ साझेदार थे, बल्कि उन्होंने आप के टिकट पर स्थानीय निकाय का चुनाव भी लड़ा था.

उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार करणजीत सिंह लांबा को सारे नियमों की अनदेखी करके शराब का ठेका दे दिया. कोई पारर्दिशता नहीं. इनका केवल एक ही मकसद है बेईमानी.’’ भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को स्पष्ट करना चाहिए कि वे अपने करीबियों को भ्रष्टाचार की ‘‘रेवड़ियां’’ क्यों बांट रहे थे? उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने नियमों की अनदेखी की और शराब के ठेकों में पारर्दिशता नहीं बरती.

भाजपा के आरोपों के बारे में लांबा की अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. आप ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया और पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से केजरीवाल के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है. दिल्ली सरकार की आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की सीबीआई जांच हो रही है.

भाटिया ने कहा कि शराब कंपनियों को बकाये का जो 144 करोड़ रुपया देना था, इससे संबंधित फैसला वापस लेने का सबसे अधिक लाभ यूनिवर्सल डिस्ट्रीब्यूटर्स को ही मिला था. इसमें इस कंपनी का हिस्सा 66 करोड़ था. भाजपा नेता ने कहा कि आबकारी नीति को लेकर पार्टी केजरीवाल की पोल खोलती रहेगी.

संवाददाता सम्मेलन में मौजूद भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि आज जो खुलासा हुआ है, उससे स्पष्ट हो चुका है कि आप की सरकार ने नयी शराब नीति क्यों बनाई थी. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘क्योंकि जो कमीशन बढ़ाया गया था उसका आधा प्रतिशत केजरीवाल को मिले.’’ गुप्ता ने गुजरात में प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल द्वारा आॅटो रिक्शा में यात्रा करने का ‘‘नौटंकी’’ बताया और कहा कि वह जब प्रचार में जाते तो हैं चार्टर विमान से लेकिन नीचे उतरकर आॅटो में बैठ जाते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ये सिर्फ दिखावा है… नौटंकी है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu