तमिलनाडु में भाजपा का प्रदर्शन, टीवीके सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ने का लगाया आरोप

चेन्नई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई ने बृहस्पतिवार को नवगठित तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के शासनकाल में राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के नेतृत्व में यह विजय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के खिलाफ पार्टी का पहला बड़ा प्रदर्शन था। नागेंद्रन ने प्रदर्शन स्थल पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान विजय सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य प्रशासन ”महिलाओं को पर्याप्त सुरक्षा देने में नाकाम रहा है।”

उन्होंने दावा किया, ”यह विरोध प्रदर्शन विजय सरकार के खिलाफ कड़ी ंिनदा दर्ज कराने के लिए भाजपा की ओर से आयोजित किया जा रहा है। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है और महिलाओं की सुरक्षा बिल्कुल भी नहीं है।” नागेंद्रन ने कहा कि जन-सुरक्षा के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को कानूनी और राजनीतिक चुनौती देती रहेगी।

उन्होंने कहा, ”जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए हम सभी जरूरी प्रशासनिक और कानूनी कदम उठाएंगे। इस पर कोई दो राय नहीं है। जनता को इन घटनाक्रमों पर नजर रखनी चाहिए।” प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने टीवीके सरकार के खिलाफ नारेबाजी और राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button