नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. वह 74 वर्ष के थे. अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि दुबे को 12 जून को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था. उन्होंने सोमवार तड़के अंतिम सांस ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुबे के निधन पर शोक व्यक्त किया.
राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति मुर्मू के हवाले से ट्वीट किया, ”राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री हरद्वार दुबे के निधन का समाचार दु?खद है. वे जनसेवा के लिए सर्मिपत थे.” उन्होंने कहा, ”शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं.” उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, ”राज्य सभा के सदस्य हरद्वार दुबे के देहावसान का समाचार अत्यंत दु?खद है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को दु?ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ”भाजपा के कर्मठ सांसद हरद्वार दुबे के निधन से अत्यंत दुख हुआ. वे जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे, जो उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में अपने अहम योगदान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे. शोक की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करे.” बिरला ने एक ट्वीट में कहा, ”वरिष्ठ राजनेता तथा राज्यसभा के सदस्य हरिद्वार दुबे के देहावसान पर शोक व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को शोक की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करें. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं.”
योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ”राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हरद्वार दुबे जी का निधन अत्यंत दु?खद है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु?ख सहने की शक्ति दें.”