‘लोकतंत्र पर कलंक’: अमित शाह ने मोदी के खिलाफ ‘अपमानजनक’ भाषा के इस्तेमाल की निंदा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Aug 2025 11:00 PM
‘लोकतंत्र पर कलंक’: अमित शाह ने मोदी के खिलाफ ‘अपमानजनक’ भाषा के इस्तेमाल की निंदा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को बिहार में ”कांग्रेस और राजद के मंच से” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल की निंदा करते हुए कहा कि यह देश के लोकतंत्र पर एक धब्बा है. शाह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है और एक गरीब मां के बेटे का प्रधानमंत्री के पद पर बैठना उनको बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है.

गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”बिहार के दरभंगा में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी (राजद) के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है.” उन्होंने हिन्दी में किये गये इसी पोस्ट में कहा, ”राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुँची है. उनको यह बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है कि कैसे एक गरीब माँ का बेटा बीते 11 वर्षों से प्रधानमंत्री पद पर बैठा हुआ है और अपने नेतृत्व में देश को निरंतर आगे ले जा रहा है.”

शाह ने कहा, ”यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अपने उस चाल-चरित्र में वापस लौट आई है, जिसके माध्यम से उसने हमेशा देश की राजनीतिक संस्कृति में जहर घोलने का काम किया.” उन्होंने कहा, ”गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर आज तक गांधी परिवार ने मोदी जी के खिलाफ नफरत फैलाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है.” शाह ने पोस्ट में कहा, ”परंतु अब तो इन्होंने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं. यह हर मां का, हर बेटे का अपमान है, जिसके लिए 140 करोड़ देशवासी उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu