रूस में हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए सभी 22 लोगों के शव बरामद

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 02 Sep 2024 03:42 PM
रूस में हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए सभी 22 लोगों के शव बरामद
ऑडियो सुनें

मास्को: रूस के सुदूर पूर्व में शनिवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए सभी 22 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। आपातकालीन मंत्रालय के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। हेलीकॉप्टर में मुख्य रूप से पर्यटक सवार थे। मृतकों में चालक दल के सभी तीन सदस्य शामिल हैं।

यह हादसा कमचातका क्षेत्र में हुआ जो एक प्राचीन प्रायद्वीप है और वहां कई ज्वालामुखी हैं। वह क्षेत्र अपनी सुंदरता और समृद्ध वन्य जीवन के लिए मशहूर है। शनिवार को 19 यात्रियों और चालक दल के तीन सदस्यों के साथ एक एमआई-8 हेलीकॉप्टर ने वाचकाजेत्स ज्वालामुखी के करीब से उड़ान भरी थी और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर का मलबा अगले दिन मिला।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने आपातकालीन मंत्रालय का हवाला देते हुए कहा कि संभवत: यह हादसा खराब मौसम में कम दृश्यता के कारण हुआ। रूस के शीर्ष कानून प्रवर्तन निकाय की स्थानीय शाखा ने सोमवार को एक बयान में कहा कि इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

एमआई-आठ दो इंजन वाला हेलीकॉप्टर है जिसे 1960 के दशक में विकसित किया गया था। इसका रूस समेत कई अन्य देशों में व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav