सीबीआई ने संदेशखाली में जमीन कब्जाने की शिकायतों के लिए ई-मेल आईडी जारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Apr 2024 08:16 PM
सीबीआई ने संदेशखाली में जमीन कब्जाने की शिकायतों के लिए ई-मेल आईडी जारी की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक ई-मेल आईडी जारी की है जिस पर पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में जमीन पर कब्जा किए जाने के मामले में पीड़ित अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. सीबीआई ने बुधवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में ई-मेल आईडी जारी की है.

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ”उत्तर 24 परगना के जिलाधिकारी से भी अनुरोध किया गया है कि वे इलाके में संबंधित ई-मेल आईडी के बारे में प्रचार करें और माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार क्षेत्रों में व्यापक प्रसार वाले स्थानीय अखबारों में एक सार्वजनिक सूचना भी जारी करें.” सूत्रों ने कहा कि सीबीआई प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज करना शुरू करेगी. उच्च न्यायालय ने बुधवार को संदेशखाली में महिलाओं के खिलाफ अपराध और भूमि कब्जा करने के आरोपों की अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच का आदेश देते हुए कहा कि न्याय के हित में ”निष्पक्ष जांच” आवश्यक है.

अदालत ने सीबीआई को राजस्व रिकॉर्ड का गहन निरीक्षण और कथित रूप से भू-उपयोग परिवर्तन का निरीक्षण करने के बाद एक व्यापक रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया. अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख दो मई को सीबीआई को रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा है.

राज्य सरकार को सीबीआई को आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया. एजेंसी पहले से ही संदेशखाली में ईडी के अधिकारियों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित नेता शाहजहां शेख द्वारा कथित तौर पर उकसाई गई भीड़ द्वारा किए गए हमलों से संबंधित तीन मामलों की जांच कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu