‘वोट जेहाद’ वाले बयान पर भाजपा ने कहा, ‘जेहादियों’ के समर्थन से चुनाव लड़ रहा है ‘इंडिया’ गठबंधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 10:10 PM
‘वोट जेहाद’ वाले बयान पर भाजपा ने कहा, ‘जेहादियों’ के समर्थन से चुनाव लड़ रहा है ‘इंडिया’ गठबंधन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी की नेता मारिया आलम की ‘वोट जेहाद’ की अपील को लेकर मंगलवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे ‘जेहादियों’ के समर्थन से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं. सत्तारूढ़ पार्टी ने मांग की कि निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को सपा नेता की टिप्पणी का स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और मामले में कार्रवाई करनी चाहिए.

भाजपा की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब आलम ने फर्रुखाबाद लोकसभा सीट से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के उम्मीदवार के लिए वोट मांगते हुए ‘वोट जेहाद’ की अपील की और कहा कि मौजूदा हालात में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “जेहादियों को बचाने की बातें करने के बाद वे अब वोट जेहाद की ओर आ गए हैं. कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और पूरा इंडिया गठबंधन जेहादियों के लिए खड़ा हुआ करता था. अब वे चुनाव में भी जिहाद देख रहे हैं.” उन्होंने कहा, “हम चुनावों को लोकतंत्र का उत्सव मानते हैं और वे इसे जिहाद मानते हैं. हम लोगों के साथ हैं और वे जिहादियों के साथ हैं. यह उनके बयान में है. चुनाव जिहादी मानसिकता के साथ लड़े जा रहे हैं.” उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को इस पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और कार्रवाई करनी चाहिए.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की मौजूदगी में उनकी भतीजी आलम ने सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ‘वोट जेहाद’ की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि मौजूदा हालात में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए ‘वोट जेहाद’ जरूरी है. कायमगंज में ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार नवल किशोर शाक्य के समर्थन में सपा नेता ने कहा, “साथ मिलकर जेहाद करें- बुद्धिमत्ता, भावुक हुए बिना और खामोशी के साथ. हम इस संघी सरकार को भगाने के लिए केवल जेहाद वोट कर सकते हैं.”

इस बयान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि यह सबको पता है कि प्रतिबंधित पीएफआई की राजनीतिक शाखा एसडीपीआई ने केरल में कांग्रेस को अपना समर्थन दिया है. उन्होंने आरोप लगाया, “यह सच्चाई है. हर कोई जानता है कि हिंसक अतिवादी तत्वों के साथ राजनीति के लिए कौन काम करता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu