वायुमंडलीय विक्षोभ के कारण लंदन-सिंगापुर उड़ान में ब्रिटिश नागरिक की मौत, कई अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 May 2024 09:28 PM
वायुमंडलीय विक्षोभ के कारण लंदन-सिंगापुर उड़ान में ब्रिटिश नागरिक की मौत, कई अन्य घायल
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. लंदन से सिंगापुर के लिए उड़ान भरने वाले सिंगापुर एयरलाइन्स के एक विमान को मंगलवार को वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा और कुछ ही मिनटों के अंदर यह 6,000 फुट नीचे आ गया, जिसके चलते एक बुजुर्ग ब्रिटिश व्यक्ति की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं. विमान के मार्ग में इसके बाद परिवर्तन किया गया और इसे खराब मौसम के बीच बैंकॉक में उतारा गया.

अधिकारियों ने कहा कि ब्रिटिश व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा होगा, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है. उसके नाम का अभी खुलासा नहीं किया गया है. एयरलाइन ने अपने फेसबुक पेज पर बताया कि हीथ्रो हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली सिंगापुर एयरलाइन्स की उड़ान संख्या एसक्यू321 को बैंकॉक की ओर भेजा गया और विमान स्थानीय समयानुसार अपराह्न 3.45 बजे सुवर्णभूमि हवाई अड्डे पर उतरा. इसके बाद, आपात सहायता चिकित्सा दल यात्रियों की मदद के लिए पहुंचा.

फेसबुक पर पोस्ट किये गए एक बयान में सिंगापुर एयरलाइन्स ने कहा कि आपात स्थिति में विमान को उतारे जाने के चार घंटे बाद भी 18 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जबकि अन्य 12 का उपचार बा’ रोगी के रूप में किया जा रहा. इसने कहा ”शेष यात्री और चालक दल के सदस्यों की मेडिकल जांच की जा रही और जरूरत पड़ने पर उनका उपचार किया जा रहा.” एयरपोर्ट्स ऑफ थाईलैंड समूह ने कहा कि मामूली रूप से घायल और घायल नहीं हुए यात्रियों को सुवर्णभूमि हवाई अड्डे पर र्टिमनल के अंदर एक निर्दष्टि स्थान पर सहायता प्रदान की जा रही है.

थाईलैंड के परिवहन मंत्री सूर्या जुंगरुंगरूंगकिट ने एक बयान में कहा कि मामूली रूप से घायल और घायल नहीं हुए यात्रियों को शहर के चांगी हवाई अड्डे पर पहुंचाने के लिए सिंगापुर मंगलवार रात दूसरा विमान भेजेगा. उन्होंने कहा कि विमान के रात नौ बजकर 45 मिनट पर बैंकॉक पहुंचने की उम्मीद है. सुवर्णभूमि हवाई अड्डे के महाप्रबंधक के. किट्टीकाचोर्न ने मंगलवार रात संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ब्रिटिश व्यक्ति 73 वर्ष का था और ऐसा प्रतीत होता है कि उसे दिल का दौरा पड़ा था.

फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के विश्लेषण से यह पता चलता है कि सिंगापुर एयरलाइन्स की उड़ान एसक्यू321 करीब 37,000 फुट की ऊंचाई पर थी. अचानक तीन मिनट की अवधि में यह गोता लगाते हुए 31,000 फुट पर आ गई. विमान को वायुमंडलीय विक्षोभ का उस वक्त सामना करना पड़ा, जब यह म्यांमा के पास अंडमान सागर के ऊपर था. एयरलाइन ने कहा, ”सिंगापुर एयरलाइन्स मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu