NMDC ने ग्रामीणों से जमीनें तो ले लीं, बदले में ना हॉस्पिटल दिया, ना 324 किसानों को रोजगार, अब 40 फीट मलबे के धंसाव ने मुश्किलें बढ़ाईं

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Mon, 23 Nov 2026 08:45 PM
NMDC ने ग्रामीणों से जमीनें तो ले लीं, बदले में ना हॉस्पिटल दिया, ना 324 किसानों को रोजगार, अब 40 फीट मलबे के धंसाव ने मुश्किलें बढ़ाईं
ऑडियो सुनें

नगरनार संयंत्र के स्थापना के समय बस्तर के लोगों से सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने, अच्छी स्वास्थ्य सुविधा,अच्छी शिक्षा, रोजगार का वादा और विकास के सपने दिखाकर एनएमडीसी ने उनसे उनकी जमीन ली थी, पर 18 साल बाद भी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल नहीं बना, 324 किसानों को अभी भी नौकरी का इंतजार है, प्रभावित ग्राम पंचायतों को विकास के लिए राशि नहीं मिल रही है।

छत्तीसगढ़ में जब पिछली सरकार थी तब बस्तर में एनएमडीसी द्वारा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने का वादा पूरा नहीं करने पर नाराज होकर जगदलपुर से भाजपा के पूर्व विधायक संतोष बाफना और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने 8 किलोमीटर की पदयात्रा निकाल कर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल निर्माण के एनएमडीसी को ज्ञापन सौंपा था और कहा था कि “यह जनहित का कार्य है, इसके बाद भी एनएमडीसी द्वारा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण नहीं किया जा रहा है। इसी वजह से ग्रामीणों ने आंदोलन किया। इस जनहित के कार्य में सरकार के नेताओं को साथ मिलकर अस्पताल की मांग की जानी चाहिए, पर जैसे ही वर्तमान सरकार बनी एनएमडीसी द्वारा नगरनार में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल निर्माण को रद्द कर दिया गया।

कांग्रेस सरकार में सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल लिए कोपागुड़ा-खुटपदर में जो जमीन आवंटित की गई थी, उसे भी निरस्त कर दिया गया है।

जानते चलें कि बैलाडीला के डिपॉजिट-14 में एनएमडीसी खनन के 40 फीट मलबे के धंसाव ने उसके दावों की पोल खोल दी। जमीन की परतें खिसकने और मिट्टी-कीचड़ के बहाव से किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं और उनके फसलें खतरे में हैं। पर्यावरण प्रदूषण का भी सामना करना पड़ रहा है। बैलाडीला की पहाड़ियों में किरंदुल स्थित एनएमडीसी की 14 नंबर लौह अयस्क परियोजना क्षेत्र में पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा चंद दिनों पहले खिसक गया था। इस घटना से लोहा गांव जाने वाला मार्ग और लोहा गांव भी आवागमन बंद हो गया है। जमीन में चौड़ी दरारें हैं, मलबा अब भी खिसक रहा है। दुर्लभ पैंगोलिन के ठिकानों और नदियों के बहाव पर खतरा है।

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एनएमडीसी की 14 नंबर परियोजना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वेस्ट माइनिंग का कार्य तेजी से चल रहा था। इसी दौरान पहाड़ का एक विशाल हिस्सा खिसकने की घटना सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, वेस्ट माइनिंग और लैंडस्लाइड के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

फिलहाल इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि लैंडस्लाइड से प्रभावित क्षेत्र में कोई ग्रामीण, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति तो नहीं फंसा है।

बड़ा सवाल यह है कि आखिर पहाड़ का इतना बड़ा हिस्सा किस वजह से खिसका? क्या खनन गतिविधियों और वेस्ट माइनिंग की वजह से पहाड़ की स्थिरता प्रभावित हुई? लोहा गांव जाने वाले मार्ग की सुरक्षा और आवागमन की क्या स्थिति है? क्या प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है? क्या एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा तत्काल तकनीकी जांच और सुरक्षा निरीक्षण कराया जा रहा है? एनएमडीसी ने खनन के पहले दावा किया था कि डंप 20 साल तक ‘सुरक्षित और पक्का’ रहेगा लेकिन चंद महीनों में ही डंप रूपी पहाड़ फट गया।

एनएमडीसी ने दी सफाई

उधर कंपनी का कहना है कि बैलाडिला पर्वतमाला के पश्चिमी घाटी क्षेत्र की ओर एनएमडीसी (NMDC) लीज़ से लगभग 2 किलोमीटर तक भूगर्भीय परतों (geological strata) के प्राकृतिक रूप से खिसकने (lateral movement) के कारण, डिपॉजिट 14 एमएल (Deposit 14 ML) के अपशिष्ट डंप (waste dump) में आंशिक धंसाव हुआ है। यह डंप पिछले दो दशकों से पूरी तरह स्थिर था।

इस अपशिष्ट डंप को वैज्ञानिक तरीके से स्थिर किया गया था, जिसके तहत सीढ़ीदार ढलान (terraces) बनाने, गारलैंड नालियों (garland drains) के निर्माण, सीजीआरवीवीएन (CGRVVN) के माध्यम से स्थानीय प्रजातियों के वृक्षारोपण और निचले हिस्से (toe part) में सहायक दीवारों (buttress walls) का निर्माण जैसे कार्य किए गए थे। परतों के खिसकने के कारण बहकर आए मलबे में मुख्य रूप से प्राकृतिक मिट्टी और कीचड़ शामिल हैं, जो जमीन के नीचे किसी जलधारा (subsurface stream) की मौजूदगी का संकेत देते हैं।

हालांकि, खनन क्षेत्र से बाहर हुए इस धंसाव के सटीक कारणों का पता लगाने और आगे किसी भी नुकसान से बचने के लिए, एनएमडीसी सक्रिय रूप से आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) और आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) के भू-तकनीकी इंजीनियरिंग (geotechnical engineering) विशेषज्ञों की मदद लेकर स्थानीय प्रशासन को पूरा सहयोग प्रदान कर रहा है।

See Video

 

 

 

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group