भगवान के अस्तित्व को चुनौती देना और सनातन संस्कृति को गाली देना विपक्ष के लिए ‘फैशन’: योगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 May 2024 09:38 PM
भगवान के अस्तित्व को चुनौती देना और सनातन संस्कृति को गाली देना विपक्ष के लिए ‘फैशन’: योगी
ऑडियो सुनें

सीतापुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत की सनातन संस्कृति को गाली देना, देश की सत्ता को चुनौती देना, प्रभु राम और कृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्न उठाना आजकल विपक्षी नेताओं के लिए एक ‘फैशन’ सा बन गया है.

योगी ने कहा, ”जब विनाश काले विपरीत बुद्धि होती है तो लोग ऐसा ही करते हैं. उन्हें मालूम होना चाहिये कि ये धरती ऋषियों और सनातनियों की है. वे केवल यज्ञ-हवन तक ही सीमित नहीं थे, बल्कि विपत्ति आने पर राक्षसों का संहार भी करते थे. ऐसे में प्रभु राम और कृष्ण पर सवाल खड़ा करने वालों को हम कैसे स्वीकार कर सकते हैं. देश की जनता वोट की चोट के जरिये इसका हिसाब देगी.” योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी अशोक रावत के पक्ष में मतदान की अपील की.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”भाजपा की ‘डबल इंजन’ की सरकार ने नैमिषारण्य के विकास के लिए विभिन्न कार्य किये हैं, जो आपको दिखने लगे हैं. आज अयोध्या जिस तरह से नयी नजर आ रही है, वैसे ही नैमिषारण्य का भी नया स्वरुप सबके सामने है. यहां पर वायु सेवा और इले्ट्रिरक बस सेवा शुरू होने जा रही है. वहीं यात्रियों के लिए विश्रामालय बनने वाले हैं.” उन्होंने कहा, ”अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम की तरह मां ललिता धाम का भी पुनरोद्धार और सुंदरीकरण किया जा रहा है. इससे यहां के नौजवानों और व्यापारियों के लिए नये रोजगार का सृजन होगा. यह कार्य केवल वही कर सकता है, जो प्रभु की सत्ता पर विश्वास करता हो. यह काम भगवान राम और कृष्ण को नकारने वाले नहीं कर सकते हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश नये भारत का दर्शन कर रहा है.”

उन्होंने कहा कि आज तीसरे चरण का मतदान हो रहा है जबकि दो चरण का मतदान संपन्न हो चुका है. उन्होंने कहा, ”आज के मतदान के बाद आधा चुनाव संपन्न हो चुका होगा और देश में एक ही आवाज- ‘अबकी बार 400 पार’ सुनाई दे रही है क्योंकि हमने बदलते हुए भारत को देखा है. आज नया भारत आतंकवाद के सामने घुटने नहीं टेकता, बल्कि उसका राम नाम सत्य कर देता है.” योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीतापुर में सबसे अधिक शौचालय बनाये गये हैं और उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिये गये हैं. उन्होंने कहा, ”ऐसे में मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि जो लोग गरीब कल्याणकारी योजनाएं से छूट गये हैं उन्हें चुनाव के बाद सुविधा दी जाएगी. यह मोदी की गारंटी है.”

उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा, ”इस बार ऐसी वोट की चोट करिये ताकि आतंकवाद और माफिया का समर्थन करने वाले हमेशा के लिए भारत की चुनाव प्रक्रिया से गायब हो जाएं. वे दोबारा चुनाव लड़ने की हिम्मत ही न कर पाएं. यह चुनाव केवल चुनाव नहीं है बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए चुनाव है. ऐसे में हमें तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है और अबकी बार 400 पार का लक्ष्य प्राप्त करना है.” इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक रामकृष्ण भार्गव, आशीष सिंह आशू, अलका रघुवंशी, विधानपरिषद सदस्य पवन सिंह चौहान आदि उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सेउता-बिसवां रोड पर आयोजित एक अन्य जनसभा में सीतापुर के मौजूदा सांसद व भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा को फिर से जिताने की अपील की.

उन्होंने बिना नाम लिए सपा को चेताया कि यह लोग सत्ता से कोसों दूर हैं तथा चुनाव के बाद इनकी गर्मी अपने आप ठीक हो जाएगी.
उन्होंने कहा ,” सपा नौजवानों के हाथों में तमंचे देती थी, हमने उन्हें टैबलेट दे दिया. अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं तो माफिया-अपराधियों का राम नाम सत्य की यात्रा भी निकल रही है. सपा के लोग रामभक्तों पर गोली चलाते हैं और आतंकियों की आरती उतारते हैं. उनके मुकदमे वापस लेते हैं. रामभक्तों के निधन पर खुशी मनाते हैं और माफिया की मौत पर घड़ियाली आंसू बहाते हैं. ”

मुख्यमंत्री ने सीतापुर के नागरिकों के प्रति अपना लगाव प्रर्दिशत किया. उन्होंने कहा ,” यह जनपद भाजपा प्रत्याशियों के लिए शुभ है. जब भी मेरा आगमन हुआ है तो आपका आशीर्वाद भाजपा प्रत्याशियों को मिला. देश में गरीबों को सबसे अधिक आवास एवं शौचालय सेवता विधानसभा और सीतापुर जनपद को मिला. सर्वाधिक किसान सम्मान निधि का लाभ सीतापुर जनपद को मिला है. ” योगी ने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान के हिमायती लोगों को बताइए कि भारत को तोड़कर बने पाकिस्तान में लोग भूखों मर रहे हैं, वहां एक किलो आटा के लिए छीना झपटी हो रही है और भारत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दिया जा रहा है. इस अवसर पर संत प्रेमदास जी महाराज, सांसद व भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा, विधायक ज्ञान तिवारी, निर्मल वर्मा, आशा भदौरिया महमूदाबाद, पूर्व विधायक सुनील वर्मा समेत कई संतजन भी मौजूद रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu