छत्तीसगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री बघेल समेत कांग्रेस के दो तथा भाजपा उम्मीदवार नाग ने किया नामांकन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 09:53 PM
छत्तीसगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री बघेल समेत कांग्रेस के दो तथा भाजपा उम्मीदवार नाग ने किया नामांकन
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के दो उम्मीदवारों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया. छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट के लिए तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होगा तथा वोट की गिनती चार जून को होगी. कांग्रेस से बघेल और ताम्रध्वज साहू ने क्रमश? राजनांदगांव और महासमुंद सीट से अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि भाजपा के भोजराम नाग ने कांकेर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया.

राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर (अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित) सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा.
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का मंगलवार को तीसरा दिन था और अब तक 20 उम्मीदवारों ने तीन सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है. उन्होंने बताया कि राजनांदगांव से पांच, महासमुंद से आठ और कांकेर से सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है. अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है. पहले चरण के मतदान के लिए एक निर्वाचन क्षेत्र बस्तर में 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.

राजनांदगांव कलेक्टर कार्यालय में नामांकन दाखिल करने के दौरान बघेल के साथ नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत भी थे. राजनांदगांव सीट वर्तमान में भाजपा के संतोष पांडेय के पास है. वह इस निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं. नाग ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पार्टी के राज्य प्रभारी नितिन नबीन और पार्टी के अन्य नेताओं की उपस्थिति में कांकेर कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.

भाजपा ने कांकेर सीट पर अपने मौजूदा सांसद मोहन मंडावी का टिकट काट दिया है और पूर्व विधायक नाग को मैदान में उतारा है. इस सीट पर कांग्रेस ने बीरेश ठाकुर को मैदान में उतारा है. भाजपा ने महासमुंद सीट पर अपने मौजूदा सांसद चुन्नीलाल साहू का टिकट काट दिया है तथा पूर्व विधायक रूपकुमारी चौधरी को मैदान में उतारा है. महासमुंद में कांग्रेस ने राज्य के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को अपना उम्मीदवार बनाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu