छत्तीसगढ़: कोरबा के पाली शहर में ट्रांसपोर्टर की मौत के बाद तनाव

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 29 Mar 2025 03:47 PM
छत्तीसगढ़: कोरबा के पाली शहर में ट्रांसपोर्टर की मौत के बाद तनाव
ऑडियो सुनें

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली शहर में ट्रांसपोर्टरों के दो समूहों के बीच हुई झड़प में एक ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह झड़प क्षेत्र में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की सराईपाली- बुडबुड खदान से कोयला परिवहन पर नियंत्रण पाने के मुद्दे पर हुई। इस घटना के बाद शहर में तनाव है। मृतक के परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने दोनों समूहों के बीच विवाद के बारे में जानने के बावजूद पुलिस पर समय पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘रोहित जायसवाल (36) नामक ट्रांसपोर्टर को शुक्रवार रात ट्रांसपोर्टरों के दो समूहों के बीच हुई झड़प के दौरान चाकू मार दिया गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में किया।

अधिकारी ने बताया कि रोहित की हत्या के मामले में पुलिस ने रोशन ंिसह ठाकुर (जो ट्रांसपोर्टर भी हैं), उसके भाई गौरव ंिसह ठाकुर, सौरभ श्रीवास, सुशांत ठाकुर और एसईसीएल की सराईपाली- बुडबुड खदान के उप-क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र ंिसह चौहान समेत 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक इस मामले में कम से कम आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस बीच, घटना के बाद पाली थाने के प्रभारी (एसएचओ) विनोद ंिसह को उनके पद से हटाकर पुलिस लाइंस भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि तनाव की स्थिति को देखते हुए कस्बे में बड़ी संख्या में पुलिसर्किमयों को तैनात किया गया है। मुख्य आरोपी रोशन ंिसह ठाकुर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का स्थानीय नेता है। हत्या के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने शनिवार को सभी बाजार बंद रखने की घोषणा की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital