
अलीपुरद्वार. पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में शाॅपिंग मॉल के अंदर चॉकलेट चुराने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज की छात्रा ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने कहा कि स्रातक की तृतीय वर्ष की छात्रा का शव रविवार को जयगांव थाना इलाके से सुभाष पल्ली में उसके घर में लटका मिला.
जयगांव के प्रभारी अधिकारी प्रबीर दत्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. लड़की के पिता ने कहा कि वह 29 सितंबर को अपनी बहन के साथ इलाके के एक शाॅपिंग मॉल में गई थी और वहां से बाहर निकलते समय उसे कथित तौर पर चॉकलेट चुराते हुए पकड़ लिया गया.
उन्होंने कहा कि उसने चॉकलेट की कीमत चुकाई और दुकान वालों से माफी मांगी. पिता ने कहा कि अपमान के कारण उसने यह कदम उठाया. शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने शाॅपिंग मॉल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और वीडियो बनाने और इसे ऑनलाइन पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.



