कांग्रेस अपना वजूद ढूंढने को मजबूर : ज्योतिरादित्य सिंधिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Dec 2022 07:04 PM
कांग्रेस अपना वजूद ढूंढने को मजबूर : ज्योतिरादित्य सिंधिया
ऑडियो सुनें

इंदौर. गुजरात विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रिकॉर्ड जीत के साथ कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अपना वजूद खोजने पर मजबूर है. सिंधिया ने इंदौर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा की रिकॉर्ड जीत का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आज कांग्रेस की हालत यह है कि वह अपना वजूद खोजने पर मजबूर है.’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को जरूर बहुमत मिला है, लेकिन उसके और भाजपा के बीच मतों का अंतर बहुत कम रह गया है.

सिंधिया ने दावा किया, ‘‘इससे पहले हिमाचल प्रदेश में जब भी सत्ता परिवर्तन हुआ, भाजपा और कांग्रेस के बीच मतों का अंतर छह से सात प्रतिशत के बीच होता था. लेकिन अब यह अंतर एक प्रतिशत से भी कम पर सिमटकर रह गया है.’’ सिंधिया ने मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनने के कमलनाथ के दावे पर चुटकी ली. उन्होंने कहा, ‘‘कई लोगों को सपने देखने की आदत होती है. वे सपने देखते रहें, लेकिन मध्य प्रदेश में भाजपा की ‘डबल इंजन’ की सरकार काम कर रही है.’’

गौरतलब है कि सिंधिया की सरपरस्ती में कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा सदस्यता से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार का 20 मार्च 2020 को पतन हो गया था. इसके बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा 23 मार्च 2020 को सूबे की सत्ता में लौट आई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu