कांग्रेस सबसे बड़ी दलित और ओबीसी विरोधी पार्टी, इनके नेताओं का करती है अपमान: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Oct 2024 07:28 PM
कांग्रेस सबसे बड़ी दलित और ओबीसी विरोधी पार्टी, इनके नेताओं का करती है अपमान: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और दलित विरोधी होने का आरोप लगाया और मांग की कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देश को बताना चाहिए कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के ओबीसी मोर्चे के अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव का ‘अपमान’ क्यों किया गया.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने यादव की हालिया टिप्पणी का हवाला देते हुए कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार किया. यादव ने अपनी टिप्पणी में कहा था कि पार्टी को राज्य में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में, विशेष रूप से दक्षिणी हरियाणा में हुए नुकसान के लिए आत्मनिरीक्षण करना चाहिए. यादव ने पिछले सप्ताह राहुल गांधी को टैग करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि अहीरवाल समुदाय का कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी), केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी), अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है.

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एआईसीसी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष के रूप में उनका पद भी एक ‘ढकोसला और दंतहीन’ था.
पूनावाला ने यहां भाजपा मुख्यालय में ‘एक्स’ पर यादव की पोस्ट का जिक्र करते हुए पत्रकारों से चर्चा में कहा, ”कांग्रेस और उसके प्रमुख नेता जातियों और ओबीसी के बारे में बात करते रहते हैं, लेकिन वास्तव में वे सबसे बड़े दलित विरोधी, ओबीसी विरोधी और पिछड़े विरोधी हैं.” उन्होंने कहा, ”यह उनके राजनीतिक डीएनए में है. इसका सीधा सबूत कांग्रेस नेता अजय सिंह यादव द्वारा सामने लाए लाया गया है.”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने अपने बयानों से पार्टी की ओबीसी विरोधी मानसिकता को उजागर किया है. पूनावाला ने कहा, ”कांग्रेस सिर्फ हिंदू समाज में विभाजन पैदा करने के लिए ओबीसी का चोला पहन रही है. इसका एकमात्र उद्देश्य हिंदुओं को विभाजित करना और मुस्लिम समाज में वोट बैंक को मजबूत करना है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी मुस्लिम समाज में व्याप्त सामाजिक असमानता के बारे में बात नहीं करती है.

भाजपा प्रवक्ता ने यादव को ‘बड़ा ओबीसी नेता’ करार दिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न केवल उनके बयान को नजरअंदाज किया बल्कि उनका और ओबीसी समुदाय का भी अपमान किया है. उन्होंने कहा, ”मैं मांग करता हूं कि कांग्रेस और राहुल गांधी जवाब दें… यदि आप ओबीसी समाज के लिए इतने प्रतिबद्ध हैं, तो जवाब दें कि आप अपने ही परिवार (पार्टी) में ओबीसी का अपमान क्यों कर रहे हैं.”

पूनावाला ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान आरक्षण खत्म करने संबंधी टिप्पणी के बाद हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी की दलित नेता कुमारी सैलजा को ‘खत्म’ (राजनीतिक रूप से) करने के लिए कांग्रेस में साजिश रची गई. उन्होंने कहा, ”नतीजतन, इस समाज (दलितों) ने राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखा दिया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu