बिहार में मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामलों में वांछित अपराधी मारा गया

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 22 Mar 2025 03:01 PM
बिहार में मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामलों में वांछित अपराधी मारा गया
ऑडियो सुनें

अररिया: बिहार के अररिया जिले में शनिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में हत्या के कई मामलों में वांछित एक अपराधी मारा गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस अपराधी पर तीन लाख रुपये का इनाम घोषित था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी)-एसटीएफ कुंदन कृष्णन ने बताया कि नरपतगंज इलाके में शनिवार सुबह करीब चार बजे हुई मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

अधिकारी ने कहा कि अपराधी की पहचान चुनमुन झा उर्फ ??राकेश झा के रूप में हुई है जो भोजपुर और पूर्णिया जिलों में आभूषणों के शोरूम में लूटपाट के कई मामलों में वांछित था। वह 10 मार्च को भोजपुर जिले के आरा में ‘ब्रांडेड’ आभूषणों के एक शोरूम में हुई डकैती के मामले में भी वांछित था।

उन्होंने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम गोपनीय सूचना के आधार पर उस स्थान पर पहुंची जहां झा अपने साथियों के साथ छिपा हुआ था। एडीजी ने कहा, ‘‘बिहार पुलिस का विशेष कार्य बल कई दिन से उसकी तलाश कर रहा था। वे वाराणसी, मिर्जापुर, डेहरी और मुजफ्फरपुर से लेकर अररिया तक अपने ठिकाने बदलते रहे।

उन्हें आखिरकार शनिवार सुबह करीब चार बजे नरपतगंज इलाके में पकड़ा गया।’’ कृष्णन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पुलिसर्किमयों को देखकर झा ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलियां चला दीं जिसके बाद एसटीएफ के दल ने जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में झा घायल हो गया और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।’’

एडीजी ने बताया कि झा को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनकी खतरे से बाहर बताई जाती है।
एडीजी ने कहा, ‘‘झा पर तीन लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह हत्या, अपहरण, डकैती एवं आभूषणों के शोरूम में लूटपाट के कई मामलों में वांछित था।’’

उन्होंने बताया कि झा का एक साथी इस अभियान के दौरान मौके से भाग गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘उसके साथियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital