दादी रतन मोहिनी की आध्यात्मिक उपस्थिति बहुत बड़ी थी: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Apr 2025 06:55 PM
दादी रतन मोहिनी की आध्यात्मिक उपस्थिति बहुत बड़ी थी: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आध्यात्मिक संगठन ब्रह्मकुमारी की प्रशासनिक प्रमुख दादी रतन मोहिनी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्हें प्रकाश, ज्ञान और करुणा की किरण के रूप में याद किया जाएगा. माउंट आबू स्थित संगठन ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि मंगलवार को मोहिनी का 101 वर्ष की आयु में निधन हो गया.

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ”दादी रतन मोहिनी जी की आध्यात्मिक उपस्थिति बहुत ऊंची थी. उन्हें प्रकाश, ज्ञान और करुणा की किरण के रूप में याद किया जाएगा. उनकी जीवन यात्रा, गहरी आस्था, सादगी और सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता में निहित है, जो आने वाले समय में अनेक लोगों को प्रेरित करेगी.” प्रधानमंत्री ने कहा कि रतन मोहिनी ने ब्रह्मकुमारी की वैश्विक मुहिम को उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान किया और उनकी विनम्रता, धैर्य, विचारों की स्पष्टता तथा दयालुता हमेशा उल्लेखनीय रही.

मोदी ने कहा, ”वह उन सभी लोगों के लिए मार्ग प्रशस्त करती रहेंगी जो शांति चाहते हैं और हमारे समाज को बेहतर बनाना चाहते हैं. मैं उनके साथ हुई बातचीत को कभी नहीं भूलूंगा. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके अनुयायियों और ब्रह्मकुमारी की वैश्विक मुहिम के साथ हैं. ओम शांति.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu