मप्र के सीधी में दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

सीधी/पटना. मध्यप्रदेश के सीधी जिले में अपने मंगेतर के साथ घूमने निकली एक आदिवासी युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. कांग्रेस ने इस घटना की जानकारी सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं. उन्होंने बताया कि चुरहट थाना निवासी पीड़ित युवती अपने मंगेतर के साथ मंगलवार को घूमने निकली थी और इसी दौरान वे कठौतहा के समीप सड़क पर मोटरसाइकिल खड़ी कर पहाड़ की ओर चले गए. अधिकारी ने बताया कि मौका देखकर चार आरोपी भी उनके पास पहुंच गए और युवक को मारपीट करके वहां से भगा दिया.

उन्होंने कहा, ”इसके बाद आरोपियों ने एक-एक कर युवती से दुष्कर्म किया.” उन्होंने बताया कि किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद युवती अपने मंगेतर के पास पहुंची और फिर दोनों ने सेमरिया थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की सूचना दी.
पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए युवक व युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया भेज दिया. इस बीच, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को शर्मनाक और मानवता को कलंकित करने वाली बताया और कहा कि यह प्रदेश में कानून-व्यवस्था की ‘भयावह स्थिति’ को भी उजागर करती है.

उन्होंने कहा, ”बीते तीन वर्ष में ही मध्यप्रदेश में 7,418 दलित और आदिवासी महिलाओं के साथ बलात्कार, 338 सामूहिक बलात्कार और 558 हत्याओं की घटनाएं दर्ज हुई हैं. औसतन हर दिन सात दलित या आदिवासी बेटियां इस क्रूरता का शिकार हो रही हैं. यह आंकड़े ही भाजपा सरकार की विफलता को प्रमाणित करते हैं.” पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार की नि्क्रिरयता, अपराधियों के बढ़ते हौसले और पीड़ितों को न्याय न मिलने के कारण दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं.

पटना में नेपाल की महिला का यौन उत्पीड़न, जांच जारी

बिहार की राजधानी पटना में हवाई अड्डे के पास एक बस चालक ने एक नेपाली महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि महिला ने कथित घटना के सिलसिले में हवाईअड्डा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीक्षा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “नेपाल की रहने वाली महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोमवार रात बिहार सैन्य पुलिस कार्यालय के पास एक बस चालक ने उसका यौन उत्पीड़न किया. उसने दावा किया कि घटना के बाद आरोपी बस लेकर फरार हो गया.” एसपी के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कथित अपराध चलती बस में हुआ या वाहन के बाहर. उन्होंने कहा कि महिला की मेडिकल जांच कराई जा रही है. एसपी के अनुसार, “मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button