
राम मंदिर ट्रस्ट में कथित गड़बड़ी पर सुप्रीम कोर्ट में 13 जुलाई को सुनवाई
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग वाली याचिकाओं पर 13 जुलाई को सुनवाई करेगा। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ करेगी। इस बीच ट्रस्ट सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के वीआईपी दर्शन पास आईडी ब्लॉक होने की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि पास पहले की तरह जारी हो रहे हैं। उन्होंने यूपी पुलिस और प्रशासन पर पूरा भरोसा जताया। उधर, एसआईटी की प्रारंभिक जांच में राम मंदिर के दान गिनती कक्ष में गंभीर सुरक्षा चूक सामने आई है। जांच के अनुसार, CCTV फुटेज में 27 अप्रैल से 5 जून के बीच करीब 70 संदिग्ध घटनाएं मिलीं, जिनमें कुछ कर्मचारी कपड़ों, जेबों और जूतों में नकदी छिपाते दिखाई दिए। एसआईटी का मानना है कि कथित गबन एक व्यवस्थित और बार-बार होने वाली गतिविधि थी।



