गुजरात में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढकर नौ हुई, तीन की हालत गंभीर

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 22 Aug 2026 03:36 PM
गुजरात में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढकर नौ हुई, तीन की हालत गंभीर
ऑडियो सुनें

भावनगर: गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से शनिवार को एक और पीड़ित का उपचार के दौरान मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढकर नौ हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पीड़ित हार्दिक किलजी की शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को मौत हो गई। वहीं, शहर के सिविल अस्पताल और छह अन्य निजी अस्पतालों में अब भी इलाज करा रहे 17 मरीजों में से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

इसमें बताया गया कि अत्यधिक जहरीले पदार्थ ‘मेथनॉल’ युक्त शराब का सेवन करने वाले कम से कम 17 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 18 अन्य लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है। इस घटना के सिलसिले में वरतेज थाने में दर्ज प्राथमिकी में 21 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गुजरात में शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने भारत में निर्मित लोकप्रिय विदेशी शराब (आईएमएफएल) ब्रांड के नाम वाली बोतलों में पैक की गई जहरीली शराब का सेवन किया था। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मद्य निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-इरादतन हत्या, मिलावट और जहर देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) को सौंप दी गई है। यह गुजरात पुलिस की विशेष इकाई है, जो पूरे राज्य में अवैध शराब और जुआ गतिविधियों पर नजर रखती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav