दीपक चाहर का होगा स्कैन, बेन स्टोक्स के पैर की उंगलियों में लगी चोट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Apr 2023 09:42 PM
दीपक चाहर का होगा स्कैन, बेन स्टोक्स के पैर की उंगलियों में लगी चोट
ऑडियो सुनें

मुंबई. चेन्नई सुपरकिंग्स और भारत के तेज गेंदबाज दीपक चाहर शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और उनका स्कैन किया जाएगा. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में चाहर ने मुकाबले के शुरू में एक ओवर किया लेकिन इसके बाद वह पवेलियन लौट गए थे जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. चाहर उसके बाद मैदान पर नहीं उतरे. चेन्नई ने यह मैच सात विकेट से जीता था.

इस 30 वर्षीय गेंदबाज की बायें पांव की हैमस्ट्रिंग का स्कैन किया जाएगा जिससे चोट का सही आकलन किया जा सके. इस चोट के कारण वह कुछ मैचों से बाहर रह सकते हैं. चाहर पिछले लंबे समय से चोटों से जूझ रहे थे और उन्होंने इस आईपीएल में ही वापसी की थी लेकिन वह पहले दो मैचों में जूझते हुए नजर आए.

चेन्नई सुपरकिंग्स ने बयान में कहा,‘‘ चाहर की चोट का सही आकलन करने के लिए टीम के चेन्नई लौटने पर उनका स्कैन किया जाएगा.’’ इस बीच चेन्नई की तरफ से पहले दो मैचों में खेलने वाले बेन स्टोक्स के पैर की उंगलियों में चोट लग गई है. वह शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में नहीं खेले थे. बयान में कहा गया है,‘‘ चेन्नई सुपरकिंग्स के क्रिकेटर बेन स्टोक्स की पांव की उंगलियों की मामूली चोट का उपचार चल रहा है जिसके कारण वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे. ’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu