दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा, आरोपी राजेश को पांच दिन की पुलिस रिमांड

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 21 Aug 2025 01:18 PM
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा, आरोपी राजेश को पांच दिन की पुलिस रिमांड
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जेड श्रेणी की सुरक्षा दे दी गई है। सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जेड श्रेणी की सीआरपीएफ सुरक्षा प्रदान कर दी है। इससे पहले, दिल्ली में बुधवार को साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी राजेश खिमजी को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी राजेश को दिल्ली पुलिस ने देर रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका स्थित एक मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया। सूत्रों ने बताया कि आरोपी को तीस हजारी अदालत परिसर में किसी भी मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया।

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी आवास पर बुधवार सुबह साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान फरियादी बनकर आए एक युवक ने अचानक मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। आरोपी ने सीएम को कुछ पेपर दिए इसके बाद उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। बाद में आरोपी ने सीएम का हाथ और बाल पकड़े और उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि आरोपी ने सीएम को थप्पड़ भी मार दिया। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने थप्पड़ मारने की बात से इंकार किया है। आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहां मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक की खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा और पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया भागे-भागे सीएम आवाज पहुंचे। फौरन मुख्यमंत्री को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज हुआ। आरोपी को तुरंत ही पकड़कर सिविल लाइंस थाने लाया गया। उसकी पहचान राजकोट, गुजरात निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (41) के रूप में हुई है।

सीएम पर हमले की खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस के अलावा तमाम खुफिया एजेंसी भी सिविल लाइंस थाने पहुंच गई। हालांकि थाने के बाहर भीड़ बढ़ते देखकर आरोपी को किसी अज्ञात स्थान पर शिफ्ट कर उससे वहां पूछताछ की जा रही है। आरोपी की मां भानुबेन ने दावा किया है कि उसका बेटा डॉग लवर (पशु प्रेमी) है। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital