दिल्ली पुलिस ने बाइक सवार की मौत के मामले में उप-ठेकेदार को हिरासत में लिया

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 07 Feb 2026 02:00 PM
दिल्ली पुलिस ने बाइक सवार की मौत के मामले में उप-ठेकेदार को हिरासत में लिया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार की मौत के सिलसिले में एक उप-ठेकेदार को हिरासत में लिया है। यह जानकारी शनिवार को अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि जांच में पता चला है कि उप-ठेकेदार राजेश प्रजापति को दुर्घटना की सूचना कई घंटे पहले दी गई थी, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रजापति को गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।

प्रजापति फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच के अनुसार, उसी दरमियानी रात को इलाके से गुजर रहे एक परिवार ने देखा कि पीड़ित कमल (25) संभवत: गड्ढे में गिर गया है। उन्होंने घटनास्थल पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड और पास के एक तंबू में रहने वाले एक व्यक्ति को तुरंत इसकी सूचना दी।

पुलिस ने कहा कि प्रजापति द्वारा नियुक्त सुरक्षा गार्ड ने उसी रात एक कनिष्ठ कर्मचारी को सूचित किया कि एक व्यक्ति गड्ढे में गिर गया है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद कनिष्ठ कर्मचारी ने रात करीब 12 बजकर 22 मिनट पर प्रजापति को फोन किया और उन्हें मौके पर आने के लिए कहा।
अधिकारियों ने बताया कि प्रजापति बाद में घटनास्थल पर पहुंचा और उसने गड्ढे के अंदर एक मोटरसाइकिल देखी, लेकिन उसने अंदर जांच नहीं की और न ही कोई और कदम उठाया।

कैलाशपुरी निवासी और एक निजी बैंक के कर्मचारी कमल ध्यानी जब घर लौट रहे थे तभी वह सीवर पाइपलाइन परियोजना के लिए खोदे गए लगभग 15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गए। ठेकेदार और दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत जनकपुरी थाने में प्राथमिकी पहले ही दर्ज की जा चुकी है।

दिल्ली सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं जबकि कमल के परिवार ने जल बोर्ड की ओर से लापरवाही का आरोप लगाया है और उसकी मौत में साजिश की आशंका जताई है। पुलिस ने कहा कि जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital