बजट से दिल्ली को सबसे अधिक लाभ, शहरी विकास व बिजली पर विशेष ध्यान: सुधांशु त्रिवेदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 08:25 PM
बजट से दिल्ली को सबसे अधिक लाभ, शहरी विकास व बिजली पर विशेष ध्यान: सुधांशु त्रिवेदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुधांशु त्रिवेदी ने रविवार को दावा किया कि केंद्रीय बजट में शहरी विकास एवं बिजली पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसका सबसे ज्यादा फायदा दिल्ली को होगा. त्रिवेदी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, शनिवार को पेश किए गए बजट को समाज के हर वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए “क्रांतिकारी” करार दिया.

उन्होंने कहा, “जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना भाषण शुरू किया, तो उन्होंने ध्यान दिए जाने वाले छह क्षेत्रों को चिह्नित किया जिसमें शहरी विकास, बिजली और कर सुधार शामिल थे.” उन्होंने कहा, “यह पहली बार है कि इस सरकार में शहरी विकास पर विशेष ध्यान दिया. दूसरा प्रमुख क्षेत्र बिजली है. शहरी विकास व बिजली समान रूप से भारत के विकसित राष्ट्र बनने के लिए महत्वपूर्ण कारक हैं.” उन्होंने कहा कि दिल्ली मुख्य रूप से एक शहरी क्षेत्र है, अगर कोई इन दो प्रमुख क्षेत्रों (शहरी विकास और बिजली) से अधिकतम लाभ उठाता है, तो वह राष्ट्रीय राजधानी ही है.

भाजपा नेता ने यह टिप्पणी दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से तीन दिन पहले की है. त्रिवेदी ने कहा, “अभी तक लोगों को बजट से जो भी उम्मीदें थीं, वे आंशिक रूप से पूरी हुईं. लेकिन पहली बार सरकार ने मध्यम वर्ग को उम्मीद से ज्यादा छूट दी है.” उन्होंने दावा किया, “अब दिल्ली में करीब 85 फीसदी करदाताओं को लगभग कोई टैक्स नहीं देना पड़ेगा. मुझे लगता है कि इससे ज्यादा क्रांतिकारी फैसला कोई और नहीं हो सकता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu