दिलजीत दोसांझ की ‘सरदार जी 3’ पाकिस्तान में रिलीज होगी, पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने मंजूरी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 11:08 PM
दिलजीत दोसांझ की ‘सरदार जी 3’ पाकिस्तान में रिलीज होगी, पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने मंजूरी दी
ऑडियो सुनें

कराची. दिलजीत दोसांझ की पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को विभिन्न पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने यहां रिलीज के लिए मंजूरी दे दी है. इस फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर के अभिनय करने को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद यह फिल्म भारत में रिलीज नहीं हो पाई है. कराची में सबसे बड़े प्रदर्शकों में से एक नदीम मांडवीवाला ने इस शुक्रवार को फिल्म की रिलीज की पुष्टि की.

उन्होंने कहा, ”सेंसर बोर्ड ने फिल्म को मंजूरी दे दी है. भले ही पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध है, लेकिन इस फिल्म के निर्माताओं में से एक जैन वाली पाकिस्तानी हैं.” मशहूर वितरक एवं प्रदर्शक सलीम शहजाद ने कहा, ”इस फिल्म को रिलीज करने की मंजूरी दे दी गई है क्योंकि यह एक अंतरराष्ट्रीय पंजाबी फिल्म है और इसे भारतीय फिल्म नहीं माना जा सकता.” वाली ने कहा कि तीन पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड- सिंध, पंजाब और संघीय राजधानी ने पाकिस्तानी सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज को हरी झंडी दे दी है. हनिया ने अपने सोशल मीडिया पेज पर फिल्म का एक पोस्टर भी साझा किया.

पाकिस्तान के प्रांतीय मंत्री ने आमिर खान के दंगल को प्रतिबंधित किये जाने पर खेद जताया

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की एक मंत्री ने कहा कि उन्हें 2017 में आमिर खान की ‘दंगल’ को उनके देश में प्रर्दिशत नहीं होने देने का अफसोस है. पंजाब प्रांत की पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) सरकार की मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा कि जब ‘दंगल’ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भारत में रिलीज हुई थी, तब वह सूचना मंत्री बनी ही थीं. उन्होंने एक लोकप्रिय पॉडकास्ट पर कहा, ”हां, अगर मुझे संघीय सूचना मंत्री रहते हुए कोई एक बात का अफसोस है तो वह है पाकिस्तान में ‘दंगल’ की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाना.” उन्होंने कहा, ”सेंसर बोर्ड के प्रतिनिधियों और सूचना मंत्रालय के लोगों के साथ यह मेरी पहली बैठक थी और उन्होंने कुछ कारण बताते हुए फिल्म की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu