दिवाली का त्योहार वंचितों, जरूरतमंदों की मदद करने और खुशियां साझा करने का भी अवसर: राष्ट्रपति मुर्मू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Oct 2024 07:31 PM
दिवाली का त्योहार वंचितों, जरूरतमंदों की मदद करने और खुशियां साझा करने का भी अवसर: राष्ट्रपति मुर्मू

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिवाली की पूर्व संध्या पर बुधवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार वंचितों एवं जरूरतमंदों की मदद करने और उनके साथ खुशियां साझा करने का भी अवसर है. उन्होंने कहा, ”दिवाली के शुभ अवसर पर हमें अपनी अंतरात्मा को रोशन करना चाहिए, प्रेम और करुणा के गुणों को अपनाना चाहिए और सामाजिक सद्भाव को बढ.ावा देना चाहिए.” राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, ”यह त्योहार वंचितों और जरूरतमंदों की मदद करने तथा उनके साथ अपनी खुशियां साझा करने का भी एक अवसर है.” मुर्मू ने कहा कि दिवाली खुशी और उत्साह का त्योहार है.

राष्ट्रपति ने कहा, ”यह त्योहार अज्ञानता पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. भारत और विदेशों में विभिन्न समुदाय इस त्योहार को बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं.” उन्होंने कहा कि यह त्योहार उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जगाता है. देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए मुर्मू ने कहा, ”हमें भारत की गौरवशाली विरासत पर गर्व होना चाहिए. अच्छाई में विश्वास के साथ, आइए हम प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाएं और एक स्वस्थ, समृद्ध और जिम्मेदार समाज बनाने का संकल्प लें.”

By Yogesh Kumar Sahu