दुमका : गैस टैंकर पलटने के बाद फटा, तीन बसें आग की चपेट में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Oct 2022 07:01 PM
दुमका : गैस टैंकर पलटने के बाद फटा, तीन बसें आग की चपेट में
ऑडियो सुनें

दुमका. झारखंड के दुमका जिले में बृहस्पतिवार दोपहर एक गैस टैंकर के सड़क किनारे खड़ी एक बस से टकराकर पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो गया. टैंकर के पलटने के बाद उसमें विस्फोट हो गया और आग लग गई. पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना हंसडीहा के पास धावटांड इलाके में प्रादेशिक राजमार्ग-17 पर हुई.

पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल में पूर्व मेदिनीपुर जिले में हल्दिया जा रहा यह टैंकर रास्ते में पलट गया और उसमें विस्फोट हो गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई. पुलिस ने कहा कि पास में खड़ीं कम से कम तीन बसें और कई पेड़ आग की चपेट में आ गए.
पुलिस के अनुसार, टैंकर में विस्फोट होने के बाद, उसमें आग लग गई जिसने एक के बाद एक खड़ी कम से कम तीन बसों को तबाह कर दिया. पुलिस ने कहा कि कई पेड़ भी जल गए.

हंसडीहा के पुलिस निरीक्षक नवल किशोर सिंह ने कहा, ‘‘टैंकर के पलटने के बाद एक विस्फोट हुआ. पास में खड़ी तीन बसों और कई पेड़ों में भी आग लग गई.’’ इसमें एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया. उनकी पहचान का तुरंत खुलासा नहीं किया गया है. घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu